JCC बैठक पर टिकी निगाहें, पौने तीन लाख कर्मचारियों को मिल सकती है बड़ी सौगात

उज्जवल हिमाचल । शिमला

आज का दिन हिमाचल के कर्मचारियों के लिए अहम है। जेसीसी यानी संयुक्‍त सलाहकार समिति की बैठक आज पीटरहाफ शिमला में हो रही है। उम्‍मीद जताई जा रही है कि प्रदेश सरकार पौने तीन लाख कर्मचारियों को कई बड़ी सौगात प्रदान करेगी। पंजाब की तर्ज पर छठे वेतनमान की घोषणा तय मानी जा रही है। बैठक 11 बजे शुरू होगी। बैठक में दो सौ से अधिक कर्मचारी नेता जुटेंगे। इसके अलावा करीब 50 अधिकारी भी शामिल होंगे। बैठक मुख्‍यमंत्री की अध्‍यक्षता में होगी।

बैठक में सरकार से मान्यता प्राप्त अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के 200 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। जेसीसी की बैठक में हिमाचल प्रदेश के करीब पौने तीन लाख कर्मचारियों को कई तोहफे मिल सकते हैं। मौजूदा भाजपा सरकार के कार्यकाल में जेसीसी की यह पहली बैठक हो रही है। इसके माध्यम से सरकार कर्मचारी वर्ग को साधने का कार्य करेगी। कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन स्कीम व छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने सहित कई अहम मांगें हैं।

पंजाब सरकार अपने कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग की सिफारिशें लागू कर चुकी है। अब हिमाचल की बारी है। हिमाचल वेतनमान के मामले में पंजाब से जुड़ा है। प्रदेश का अपना अलग वेतन आयोग नहीं है। केंद्र अपने कर्मचारियों को पहली जनवरी 2016 से सातवां वेतनमान दे चुका है। पंजाब सरकार ने नया वेतनमान देने में देरी की है, इस कारण प्रदेश के कर्मचारियों को इसका अभी तक इंतजार लगा हुआ है। बैठक में अनुबंध कार्यकाल तीन से दो वर्ष होने की भी घोषणा तय मानी जा रही है। इसी बैठक में कर्मचारियों के लिए डीए की घोषणा हो सकती है।