16 दिसंबर को तीन दिवसीय दौरे पर कांगड़ा पहुंचेंगे RSS के संघचालक मोहन भागवत, इस प्रकार का होगा कार्यक्रम

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत 16 दिसंबर को तीन दिवसीय दौरे पर जिला कांगड़ा आएंगे। 17, 18 और 19 दिसंबर को मोहन भागवत संघ के स्वयंसेवकों से रूबरू होंगे। मोहन भागवत के कांगड़ा आने पर स्वयंसेवक संघ कांगड़ा कार्यालय में तैयारी शुरू कर दी गई है। जानकारी देते हुए कांगड़ा सह विभाग के संघचालक भूषण रैना ने सरसंघचालक मोहन भागवत के कांगड़ा आने की पुष्टि की। उन्‍होंने बताया मोहन भागवत 16 दिसंबर को हवाई मार्ग से कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचेंगे जहां से सीधे कांगड़ा संघ कार्यालय पहुंचेंगे।

तीन दिन संघ कार्यालय कांगड़ा से ही मोहन भागवत के कार्यक्रम आयोजित होंगे और 20 दिसंबर को उनकी वापसी होगी। संघ कार्यालय कांगड़ा में आयोजित कार्यक्रम में उनका बौद्धिक संबोधन भी होगा व कांगड़ा में स्वयंसेवकों के योग कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। भारत को महाशक्ति नहीं, बल्कि विश्व गुरु बनाने के पक्षधर मोहन भागवत धर्मशाला में पूर्व सैनिकों के साथ भी चर्चा करेंगे।

इस दौरान वह शाहपुर में भी स्वयंसेवकों के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया उनके कार्यक्रम के दौरान यहां भाजपा की बड़ी हस्तियों के आने की भी संभावना है। तीन दिवसीय कांगड़ा दौरे को लेकर पूरे प्रदेश से स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी कांगड़ा पहुंचेंगे। सरसंघचालक के आने की सूचना के बाद वे उत्साहित हैं। उनके दौरे के दौरान हालांकि यहां कोई पथ संचलन वगैरह का कार्यक्रम नहीं हैए अलवत्ता उनके उद्बोधन में स्वयंसेवकों से चर्चा की जाएगी।