महाराष्ट्र सरकार पर बरसीं कंगना रनोट

उज्ज्वल हिमाचल। नई दिल्ली

मुंबई पुलिस ने अप्रत्याशित कार्रवाई करते हुए बुधवार सुबह वरिष्ठ पत्रकार अर्नब गोस्वामी को उनके आवास से हिरासत में ले लिया। बताया जाता कि अर्नब को पुलिस ने एक दो साल पुराने इंटीरियर डिज़ाइनर सुसाइड केस के लिए हिरासत में लिया है। टीआरपी स्कैम को लेकर पहले ही सुर्ख़ियों में रहे अर्नब के ख़िलाफ़ मुंबई पुलिस की इस कार्रवाई से सोशल मीडिया में हंगामा मचा हुआ है। बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ भी इस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इसी क्रम में कंगना रनोट ने महाराष्ट्र सरकार पर तीख़ा हमला किया है।

कंगना ने अर्नब के डिटेंशन का वीडियो सार्वजनिक होने के कुछ देर बाद ही पहले ट्वीट किया और फिर एक वीडियो के ज़रिए महाराष्ट्र सरकार को घेरा। कंगना वीडियो में कहती हैं कि मैं महाराष्ट्र सरकार से यह कहना चाहती हूं कि आज मुंबई पुलिस ने अर्नब गोस्वामी को उनके घर में जाकर मारा है। उनके बाल नोचे हैं। उन पर हमला किया है। कितने घर तोड़ेंगे आप। कितने गले दबाएंगे आप। कितने मुंह बंद करेंगे आप। यह मुंह बढ़ते ही जाएंगे। कितने शहीदों को फ्री स्पीच के लिए गले काटे गए हैं। एक आवाज़ बंद करेंगे, कई उठ जाएंगी। कितनी आवाज़ें बंद करेंगे।

कंगना ने इससे पहले रिपब्लिक टीवी के ट्वीट को रीट्वीट करके लिखा कि पप्पूप्रो को गुस्सा क्यों आता है? पेंगुइंस को गुस्सा क्यों आता है? सोनिया सेना को गुस्सा क्यों आता है? अर्नब सर, फ्री स्पीच के लिए उन्हें आपके बाल खींचने दीजिए, हमला करने दीजिए। कितने महान लोग हमसे पहले चेहरे पर मुस्कान लिए फांसी पर लटक गए। आज़ादी का क़र्ज़ चुकाना है।