कांगड़ा जिला परिषद अध्यक्ष के लिए जोड़-तोड़, सीएम ने खुद संभाला मोर्चा

चेयरमैन के लिए भाजपा का पूरा जोर, लगभग 26 मेंबर्ज की फौज

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

जिला परिषद कांगड़ा को कल यानी शनिवार को नया चेयरमैन मिलेगा। इसके लिए खुद सीएम जयराम ठाकुर ने कांगड़ा में डेरा डाल दिया है। सीएम जयराम ठाकुर के कांगड़ा में आने के कई मायने निकाले जा रहे हैं। माना जा रहा है कि सीएम एक तीर से कई निशाने लगाने जा रहे हैं। वह ऐसे नेता को चेयरमैन बनाएंगे, जो आने वाले समय में पार्टी को मजबूती भी दे। खास बात यह कि जिला परिषद के चुने गए 54 नए पार्षदों में भाजपा के खाते में 26 मेंबर्ज की फौज है, वहीं कांग्रेस के चांस अभी तक कम नजर आ रहे हैं। कांग्रेस के पास महज 19 नए जिला पार्षद बने हैं।

  • कांग्रेस 19 सदस्यों पर सिमटी, क्रास वोटिंग में निर्दलीय भी दिखा सकते हैं दम

वहीं निर्दलीयों का आंकड़ा नौ है। खैर, अब जब भाजपा इसमें फ्रंटफुट नजर आ रही है और अगर क्रॉस वोटिंग नहीं होती है, तो भाजपा का ही चेयरमैन होगा। भाजपा में भी कई नेता इस पद की दौड़ में हैं। इनमें पूर्व में मंडलाध्यक्ष व मौजूदा महामंत्री रमेश बराड़ का नाम काफी आगे है। रमेश बराड़ ने इस बार जिला परिषद का चुनाव अपने गांव पलेरा से कहीं दूर जाकर तियारा वार्ड में लड़ा है। खास बात यह कि विपरीत परिस्थितियों में भी बराड़ दो हजार से ज्यादा वोट से जीते हैं। शांत स्वभाव के बराड़ पार्टी में तालमेल बिठाने में काफी आगे रहते हैं। कई सियासी जानकारों का मानना है कि सीएम जयराम ठाकुर ऐसे ही एक चेहरे की तलाश में रहेंगे,जो कांगड़ा सदर हलके में पार्टी को मजबूती प्रदान करे। वहीं लगातार जिला परिषद के 3 चुनावों में हिस्सा लेने वाले कुलभाष चौधरी का नाम भी उभर कर आगे आ रहा है। कुलभाष चौधरी कांगड़ा भाजपा के एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते हैं।

कांगड़ा भाजपा को एकजुट करने का मौका

कांगड़ा में भाजपा की हालत पिछले चुनावों में खराब रही है। पार्टी गुटबंदी का शिकार रही है। ऐसे में भाजपा के पास पार्टी को एकजुट करने का मौका है। इसमें पार्टी के पास और भी कई नाम हैं, जोकि चेयरमैन पद के दावेदार हैं। अब भाजपा और सरकार क्या फैसला लेती है, इसका जनता को बेसब्री से इंतजार है।