दोनों डोज की शत प्रतिशत वैक्सीन करने वाला देश का पहला जिला बना किन्नौर, जाने किस तरह हासिल किया लक्ष्य

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। किन्नौर

हिमाचल प्रदेश के लिए और तमगा मिला है। बहुत कठिन भगौलिक परिस्थितियों के बावजूद हिमाचल के किन्नौर जिले ने दोनों डोज लगाने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया है। उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने दावा किया है कि ऐसा करने वाला किन्नौर देश का पहला जिला बना है। जिले में निर्धारित लक्ष्य के सभी व्यक्तियों को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज दे दी गई हैं। बुधवार को रिकांगपिओ में उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि जिले में कुल 60,305 लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया था। इन लोगों को दोनों डोज दी जा चुकी है, जो प्रदेश व जिला के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग सहित जिला प्रशासन, उपमंडलाधिकारियों व पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों को भी इसके लिए बधाई दी है।

यह भी पढ़ेः- नाबालिगा से किया युवक ने दुराचार, मामला दर्ज

उपायुक्त ने कहा कि लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने में पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों की अहम भूमिका रही। घर-घर जाकर लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक किया, जिसके फलस्वरूप आज यह मुकाम हासिल कर सका है। लोगों ने भी दैनिक कार्यों की व्यस्तता के बावजूद अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सोनम नेगी और जिला टीकाकरण अधिकारी डा. अन्वेषा नेगी भी उपस्थित रहीं।

यह भी पढ़ेः- चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर लुढकी ट्रैवलर, बाल-बाल बची नौ लोग की जान