जोगिंद्रनगर अस्पताल में बिछी ऑक्सीजन पाईप लाईन, दूर होगा सिलेंडरों का झंझट

-गंभीर मरीजों को मिलेगी राहत, नहीं खलेगी ऑक्सीजन की कमी

जतिन लटावा। जोगिंद्रनगर

उपमंडलीय अस्पताल जोगिंद्रनगर में मरीजों को पाईप लाईन से ऑक्सीजन आपूर्ति करने का कार्य पूरा हो चुका है। अस्पताल के सभी वार्डों के लिए चार पाईप लाईन बिछा दिए गए हैं। एक सैक्शन मशीन, दूसरा एयरफॉल व तीसरा सैक्शन मशीन वैक्यूम व चौथा सर्जिकल का है। इसके माध्यम से ऑक्सीजन हर रोगी वार्ड में दाखिल मरीजों के बिस्तर तक पहुंचेगी। ऑक्सीजन थियेटर में भी ऑक्सीजन की आपूर्ति इसी प्लांट के माध्यम से होगी।

अस्पताल में नई ऑक्सीजन व्यवस्था के बाद अब मरीजों को ऑक्सीजन की कोई भी कमी नहीं खलेगी। ऑक्सीजन सिलेंडर का झंझट खत्म होगा। आपातकालीन समय में अस्पताल में दाखिल मरीजों को तुरंत ऑक्सीजन उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए इधर-उधर भटकने की दौड़ भी खत्म होगी।

अस्पताल के हर वॉर्ड के बैड के पास दीवार पर एक छोटा सा यंत्र और ऑक्सीजन मास्क स्थापित किए गए हैं। इससे गंभीर मरीजों को तत्काल प्रभाव से ऑक्सीजन की आपूर्ति होगी। करीब 22 ऑक्सीजन सिलेंडर अस्पताल के धरातल भवन में स्थापित हो गए हैं। प्रत्येक रोगी वार्ड में प्लग प्वाईंट स्थापित होने के बाद अब हर रोगी वॉर्ड में पाईप लाईन से ऑक्सीजन की आपूर्ति से मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

  • अस्पताल के सीसीयू वार्ड में भी पाईप लाईन से मिलेगी ऑक्सीजन

बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर के सीसीयू वार्ड में भी पाईप लाईन से ऑक्सीजन की आपूर्ति होगी। जिसका लाभ घटना व दुर्घटना में घायलों को मिलेगा। करीब 72 लाख रूपये ऑक्सीजन पाईप लाईन प्रोजेक्ट पर खर्च किए गए हैं। इससे पहले अस्पताल में गंभीर मरीजों को ऑक्सीजन उपलब्ध करवाने के लिए करीब 18 ऑक्सीजन सिलेंडर व आठ ऑक्सीजन कंसीटरेटर का सहारा लेना पड़ता था।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेंद्र ने बताया कि सिविल अस्पताल जोगिंद्रनगर में ऑक्सीजन पाईप लाईन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। हर बिस्तर पर मरीजों कों पाईप लाईन से ऑक्सीजन की आपूर्ति होगी।