पालमपुर-थाथरी-चुन्जा ग्लेशियर तक 13.5 किलोमीटर लंबा बनेगा रोपवे

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। पालमपुर

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री, कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी एवं वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर, प्रदेश पर्यटन प्रकोष्ठ के संयोजक विनय शर्मा व अन्य भाजपा नेताओं ने पालमपुर से थाथरी होते हुए चुन्जा ग्लेशियर तक रोप-वे के निर्माण को केंद्र सरकार द्वारा संवैधानिक स्वीकृति प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क, परिवहन और उच्च मार्ग मंत्री नितिन गडकरी व हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया है। त्रिलोक कपूर ने जानकारी देते हुए बताया कि नेशनल हाइवे लॉजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित स्पेशल पर्पज़ वेहिकल के तहत इस रोपवे का निर्माण किया जाएगा, जिसमें शत-प्रतिशत निवेश का प्रावधान केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध करवाया जाएगा।

  • 605 करोड़ की आएगी लागत, नितिन गडकरी ने ट्वीट करके दी जानकारी
  • भाजपा नेताओं ने केंद्र का जताया आभार

यह भी देखें : बिलासपुर में विदेशों से लौटे लोगों का होगा रेपिड एंटीजेन टेस्ट…

इसकी जानकारी केंद्रीय सड़क, परिवहन और उच्च मार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ट्ववीट करके दी है। अपने संदेश में उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश को अब हाईवे के साथ-साथ मिलेगी रोप-वे की सौगात भी मिलेगी। पर्यटन और रोजगार सृजन को बढ़ावा देते हुए प्रदेश में 5,644 करोड़ की लागत से कुल 111.65 किमी लंबाई के 13 विश्व-स्तरीय रोपवे विकास प्रकल्प प्रस्तावित किए गए है जिनमें पालमपुर-थाथरी-चुन्जा ग्लेशियर भी शामिल है। त्रिलोक कपूर ने बताया कि पालमपुर का रोपवे थाथरी से चुन्जा ग्लेशियर तक 13.5 किलोमीटर लम्बा बनेगा और इस पर 605 करोड़ की लागत आएगी।

इसके बनने से पालमपुर पर्यटन की दृष्टि से विश्व के मानचित्र पर उभरेगा और यहां पर युवाओं के लिए रोजगर की असीमित संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। इस दौरान हेमांशु मिश्रा, रजिंदर घोगरा, मनोज रत्न, ललित शर्मा, संजय वालिया, आरती शर्मा, जय किशन, नवीन शर्मा, तनु राणा, पूनम शर्मा, पूजा शर्मा, मिलाप व कृष्ण कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।