महाशिवपुराण कथा में भगवान शिव के अवतारों का हुआ गुणगान

जतिन लटावा। जोगिंद्रनगर

सनातन धर्मसभा मंदिर जोगिंद्रनगर में चल रहे महाशिव पुराण कथा के दूसरे दिन कथावाचक आचार्य तिलक राज शर्मा ने भगवान शिव के प्रमुख अवतारों का गुणगान कर शिव भक्तों को बताया कि अच्छे मार्ग पर चलकर धन संग्रहण करने से जीवन में सफलता मिलती है। क्रोध से विवेक नष्ट हो जाता है। इससे जीवन में कई संकट खड़े हो जाते हैं। कहा कि पुण्य कर्मों से भाग्य का उदय होता है।

वहीं, भगवान शिव की अराधना करने से पारिवारिक सुख समृद्धि और कई कष्टों का भी नाश हो जाता है। शुक्रवार को कथा में उपस्थित शिव भक्तों को आचार्य तिलक राज ने सत्य का साथ देने व धर्म के मार्ग पर चलने पर भी प्रेरित किया। साकारात्मक सोच के अलावा मोह त्याग कर निष्कर्म काम करने की भी बात कही। कथा का शुभारंभ भगवान शिव की पूजा अर्चना के साथ हुआ।

दोपहर दो से चार बजे तक चली इस कथा में महिलाओं ने अधिक उपस्थिति दर्ज करवाई। आरती के साथ कथा का समापन हुआ। सनातन धर्मसभा मंदिर समिति के अध्यक्ष जुगल किशोर गुप्ता ने बताया कि आगामी आठ दिनों तक महाशिव पुराण कथा में शिव और पार्वती का गुणगान होगा। कहा कि कथा में श्रद्धालुओं के बैठने के पुख्ता प्रबंध आयोजकों के द्वारा किए गए हैं। लिहाजा अधिक से अधिक लोग अपनी उपस्थिति दर्ज करवाकर अपने जीवन को सार्थक बनाएं।