महिला मोर्चा का प्रियंका गांधी पर बयान आवेशपूर्ण: सीएम

उज्जवल हिमाचल। शिमला

कंगना रणौत का सुशांत मामले और ड्रग्स के खुलासे को लेकर चल रहा विवाद अब राजनीतिक रंग पकडऩे लगा है। भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा पूरे प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर हमलावर हो गई है। शिमला में प्रियंका गांधी के मकान को तोडऩे तक की धमकी हिमाचल भाजपा महिला मोर्चा ने दी है, लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस बयान को गलत करार देते हुए कहा है कि यह बयान भावावेश में दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी का शिमला में मकान है और उन्हें सुरक्षा सरकार का दायित्व है, लेकिन कंगना के साथ जो महाराष्ट्र सरकार ने किया है उसकी निंदा पूरा देश और प्रदेश कर रहा है।

 भाजपा महिला मोर्चा का बयान दुर्भाग्यपूर्ण: मुकेश

वहीं विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कंगना रणौत की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस ने सदन में बात उठाई थी और सरकार ने सदन को आश्वस्त किया है कि कंगना को मुंबई में भी पूरी सुरक्षा दी गई है। कांग्रेस भी कंगना रनौत की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। भाजपा की तरफ से आ रहे बयान दुर्भाग्यपूर्ण है और भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष ने जिस तरह से प्रियंका गांधी के मकान को तोडऩे की बात कही है वह बिना सोचे समझे कही है इसलिए बोलने से पहले उन को सोचना चाहिए कि वह क्या बोल रही हैं। प्रियंका गांधी स्वर्गीय प्रधानमंत्री राजीव गांधी की बेटी हैं जिन्होंने देश के लिए कुर्बानी दी है और हिमाचल प्रदेश के गठन में भी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का योगदान रहा है जिसके लिए सभी हिमाचल वासी उनके आभारी हैं। भाजपा महिला मोर्चा की तरफ से आया यह बयान दुर्भाग्यपूर्ण है पूरे मामले का राजनीतिकरण किया जा रहा है।