प्रदेश सरकार कर रही सदर विधानसभा से सौतेला व्यवहार: आश्रय

उमेश भारद्वाज। मंडी
ब्लॉक कांग्रेस सदर मंडी की आमसभा कोटली स्थित विश्राम गृह परिसर में आयोजित किया गया। इसमें हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव चेत राम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं प्रदेश महासचिव आश्रय शर्मा, प्रदेश सचिव धर्मवीर धामी, एनएसयूआई के प्रदेश पदाधिकारी हमित जंवाल व सिद्धार्थ और सदर ब्लाक कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष ओम प्रकाश सहित अन्य गणमान्य कांग्रेसी नेता भी मौजूद रहे।
आमसभा को आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य मंडी सदर में बनने वाली नई कार्यकारिणी में काम करने वाले लोगों को तरजीह देना और बंद कमरे में बैठकर पदाधिकारियों के नामों की घोषणा नहीं करने को लेकर किया गया। आमसभा में जिन-जिन लोगों के नाम पदाधिकारी के तौर पर सुझाए गए उन्हें जल्द ही जिम्मेवारियां सौंपी जाएंगी और पूरी कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी। इस मौके पर सदर से भाजपा के दो कार्यकर्ताओं ने भाजपा को छोड़कर कांग्रेस पार्टी का हाथ थाम लिया है। इन दोनों का चेतराम ठाकुर और आश्रय शर्मा ने हार पहनाकर कांग्रेस पार्टी में स्वागत किया।
  • कार्यकारिणी में काम करने वाले लोगों को मिले तरजीह
  • लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाए सीएम जयराम ठाकुर: चेतराम
सदर ब्लॉक कांग्रेस के आमसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव चेत राम ठाकुर ने प्रदेश की भाजपा सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि मंडी जिला के लोगों की मुख्यमंत्री पद के लिए चली आ रही वर्षों की मांग तो पूरी हो गई। लेकिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाए हैं। अगर मंडी जिला की बात करें तो यहां सिर्फ सराज और धर्मपुर क्षेत्रों में ही काम नजर आ रहे हैं। धर्मपुर में मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर अपने बेटे के लिए राजनैतिक जमीन बनाने की मंशा से काम करवा रहे हैं। जबकि सराज विधानसभा क्षेत्र में जयराम ठाकुर को प्रदेश के मुख्यमंत्री होने के कारण इस मजबूरी से काम करवाने पड़ रहे हैं। जयराम ठाकुर की नियत काम करने को लेकर नजर ही नहीं आ रही है। जिला के लोगों ने पंडित सुखराम में एक सशक्त मुख्यमंत्री देखा था। लेकिन दुर्भाग्य से उन्हें यह मौका नहीं मिल पाया। जबकि जयराम ठाकुर को सौभाग्य से यह मौका मिला लेकिन दुर्भाग्य यह रहा कि उनकी सोच काम करने वाली नहीं है।
  • ब्लॉक कांग्रेस सदर की कोटली में आमसभा आयोजित
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव आश्रय शर्मा ने आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सदर क्षेत्र के लोगों ने लोकसभा चुनावों में भाजपा को जो बढ़त दिलाई थी आज उसका परिणाम सभी को भुगतने को मिल रहा है। कोटली क्षेत्र के तहत लगने वाला थाना पलौन प्रोजेक्ट के कार्य को राज्य सरकार अभी तक शुरू नहीं करवा पाई है। आश्रय ने कहा कि सदर क्षेत्र के साथ प्रदेश सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है। जिन लोगों ने यहां का प्रतिनिधि बनकर काम करने के वादे किए थे वो आज पूरी तरह से गायब हैं। आश्रय शर्मा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार से लोगों का पूरी तरह से मोहभंग हो चुका है और आने वाले विधानसभा चुनावों में लोग फिर से कांग्रेस को सत्ता में लाने का मन बना चुके हैं।