मैहरे बाजार अब 9 से 5 बजे तक ही खुलेगा

एसके शर्मा। बड़सर

उपमंडल बड़सर के तहत आने वाले मैहरे बाजार के व्यापार मंडल व व्यापारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि मैहरे बाजार को सुबह 9 से दोपहर 5 बजे तक ही खोला जाएगा। हमीरपुर जिला प्रशासन ने सुबह 6 बजे से सायं 8 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी है। लेकिन मैहरे व्यापार मंडल व व्यापारियों ने बाजार को नौ घंटे खोलने का निर्णय लिया है।

बताते चलें कि उपमंडल के मैहरे बाजार के व्यापार मंडल की आपात बैठक व्यापार मंडल के प्रधान विनोद लखनपाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें व्यापारियों ने खुद अपनी जिम्मेदारी समझते हुए लोगों को कोरोना जैसी महामारी से बचाने के लिए मैहरे बाजार को सुबह 9 से दोपहर 5 बजे तक खोलने का निर्णय लिया है।

इसके अलावा मैहरे बाजार में सब्जी, दूध व मिठाई की दुकानें सुबह 8 बजे से लेकर 5 बजे तक ही खुली रहेगी। मैडिकल, मोटर मैकेनिक की दुकानों को इस दायरे से बाहर रखा गया है। मैहरे बाजार के व्यापारियों ने व्यापार मंडल के इस निर्णय का स्वागत किया है। वहीं, हमीरपुर जिला में कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों पर व्यापार मंडल मैहरे के व्यापारियों ने चिंता जताई है।

उधर, मैहरे व्यापार मंडल के प्रधान विनोद लखनपाल ने कहा कि मैहरे बाजार को नौ घंटे खोलने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि 15 जून तक मैहरे बाजार में सब्जी, दूध व मिठाई की दुकानें सुबह 8 बजे व बाकी दुकानें 9 बजे से लेकर 5 बजे तक खुली रहेगी। उन्होंने बाजार में आने वाले लोगों से सोशल डिस्टेंस का पालन करने का आग्रह किया है। उन्होंने सभी दुकानदारों से अपील की है कि वे सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करें।