मौसम विभाग ने इन पांच जिलाें में किया यलो अलर्ट जारी

उज्जवल हिमाचल टीम। शिमला/धर्मशाला

मौसम विभाग ने कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, सोलन व सिरमौर में आंधी व बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिन प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश का क्रम जारी रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में बारिश का दौर लगातार जारी है। मानसून झमाझम बरस रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों ने आज सोमवार को पांच जिलों में बारिश की संभावना जताई है। लगातार बारिश होने से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है।

24 घंटे के दौरान हुई बारिश से अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। चंबा के सलूणी में सबसे अधिक 32 मिलीमीटर, कसौली में 19, रेणुकाजी में 16 और डलहौजी में 15 मिलीमीटर बारिश हुई। रविवार को बारिश से न्यूनतम तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि सबसे कम तापमान केलंग में रहा। कल्पा में अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। सात स्थानों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सुंदरनगर, कांगड़ा, चंबा व भुंतर में 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान दर्ज किया गया।