प्रियंका गांधी को लखीमपुर जाने से रोकने उनके साथ दुर्व्यवहार : राठाैर

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। शिमला

कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व उत्तर प्रदेश मामलों की प्रभारी प्रियंका गांधी को लखीमपुर जाने से रोकने व उनके साथ दुर्व्यवहार करने की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि उतर प्रदेश में जंगल राज चला है, जहां कानून की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है। राठौर ने प्रियंका गांधी को पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि कांग्रेस इस जंगल राज के खिलाफ चुप बैठने वाली नहीं। उन्होंने लखीमपुर खीरी में किसानों को गाड़ी से कुचल कर बर्बर हत्या करने पर रोष प्रकट करते हुए कहा है कि इस मामलें में सत्ता से जुड़े भाजपा के एक केंद्रीय मंत्री के बेटे का शामिल होना बहुत ही शर्मनाक है।

राठौर ने इस हत्याकांड के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की मांग की है। उन्होंने कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार उनके नेताओं को घटनास्थल पर जाने और पीड़ित परिवारों से मिलने पर जिस प्रकार रोक रही है, उससे साफ है कि सरकार अपने गुनाहों को छिपा रही है।उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय नेता है, जो उत्तर प्रदेश कांग्रेस मामलों की प्रभारी भी है। इसी आधार पर उन्हें जाने से जबरन रोकना उनके अधिकारों का हनन भी है।