रंगड़ों के काटने से मां-बेटी की गई जान, पीजीआई में चल रहा था इलाज

उज्जवल हिमाचल। हमीरपुर

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बहुत ही दुखद करने वाली खबर सामने आयी, जिसमें रंगड़ों के काटने से मां और बेटी की जान चली गई। दरअसल, यहां स्थित सुजानपुर उपमंडल के अंतर्गत आते ग्राम पंचायत बजरोल के धुंदला गांव में रंगड़ों के हमले से एक मां-बेटी का दुखद निधन हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि रंगड़ों ने महिला और उसकी बेटी पर तब हमला किया जब वह घास काटने गई हुई थी।

रंगड़ों के हमले के बाद घायल मां और बेटी को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया पर बाद में गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया था। जहां उपचार के दौरान उनकी जान चली गई। पंचायत प्रधान लता कुमारी ने इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड नंबर एक के गांव धुंदला में बुधवार शाम विद्या देवी 47 पत्नी मदन लाल और बेटी अंजना कुमारी 20 घास काटने के लिए घर से निकलीं। घास काटते समय रंगड़ों ने दोनों पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों को ग्रामीणों ने उपचार के लिए सिविल अस्पताल सुजानपुर लाया।

चिकित्सकों ने इन्हें मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया। यहां भी चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए इन्हें मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया। टांडा से भी चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया। जहां गुरुवार शाम को बेटी ने दम तोड़ दिया जबकि देर रात मां की भी मौत हो गई। मृतक विद्या देवी के पति मदन लाल प्राइवेट नौकरी करते हैं। अंजना कुमारी कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी। प्रधान लता कुमारी ने सरकार और प्रशासन से पीड़ित परिवार की सहायता करने की मांग की है।