सांसद प्रतिभा सिंह कांग्रेस संसदीय कार्यसमिति की सदस्य नियुक्‍त

उज्जवल हिमाचल। शिमला

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने सांसद प्रतिभा सिंह को पार्टी की संसदीय कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया है। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। प्रतिभा सिंह की इस नियुक्ति से उनका राजनीतिक कद तो बढ़ा ही है साथ ही होलीलाज एक बार फिर चर्चा में आ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह जब तक राजनीति में सक्रिय थे तब तक पार्टी होलीलॉज से ही चलती थी। कांग्रेस संसदीय कार्य समिति में कुल 26 पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसमें सचिव तीन, एक कोषाध्यक्ष और 22 कार्यकारी सदस्य नियुक्त किए गए हैं।

तीसरी बार मंडी संसदीय सीट से सांसद हुईं निर्वाचित…

पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह तीसरी बार मंडी संसदीय सीट से सांसद निर्वाचित हुई हैं। वह 1998 में सक्रिय राजनीति में आई थीं। पहला चुनाव मंडी संसदीय क्षेत्र से लड़ा था। भाजपा के महेश्वर सिंह ने उन्हें करीब सवा लाख मतों से हराया था। 2004 के आम लोकसभा चुनाव में उन्होंने दूसरी बार अपनी किस्मत आजमाई थी। वर्ष 2009 का लोकसभा चुनाव उनके पति पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह ने लड़ा था।

साल 2012 में प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद वीरभद्र सिंह ने लोकसभा सदस्‍य से त्यागपत्र दे दिया था। वर्ष 2013 में उपचुनाव हुआ तो प्रतिभा तीसरी बार मैदान में उतरीं। वर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को करीब 1.39 लाख मतों से शिकस्त देकर दूसरी बार संसद सदस्य निर्वाचित हुई थीं। साल भर बाद वर्ष 2014 में लोकसभा चुनाव हुआ था। भाजपा के रामस्वरूप शर्मा ने उन्हें चुनावों में हराया था।