शिमला: पब्बर नदी में मिला महिला व बच्चे का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

उज्जवल हिमाचल। शिमला

जिला शिमला के रोहड़ू में महिला व बच्चे का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी का माहौल है। जानकारी के अनुसारपब्बर नदी किनारे सोमवार को महिला और बच्चे का संदिग्ध अवस्था में शव मिला है।  मृतक महिला और बच्चा गांव रोहटान के रहने वाले थे और वर्तमान में रोहडू़ में किराये का मकान लेकर रहते थे। पुलिस ने सूचना मिलते ही शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया है। रोहडू़ पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। वहीं बच्चे और महिला का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार मामला सोमवार शाम करीब चार बजे का है जब स्थानीय व्यक्ति ने मांदली के समीप पब्बर नदी के किनारे दो शवों को देखा। लोगों ने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद रोहडू़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। पानी में शव होने के कारण पूरी तरह से फूल गए हैं।

महिला की पहचान नीटू पत्नी गुड्डू निवासी रोहटान मांदल और कार्तिक पुत्र गुड्डू के तौर पर हुई है। महिला की उम्र करीब 35 वर्ष तो बच्चा करीब 7 वर्ष का था। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रोहड़ू लाया गया है। पुलिस ने इस संबंध में छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हा सकेगा।

डीएसपी रोहड़ू चमन लाल ने बताया कि नदी से महिला और बच्चे का शव बरामद किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।