सांसद प्रतिभा सिंह ने दिल्‍ली में सोनिया गांधी से की मुलाकात

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। शिमला

हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय सीट से सांसद बनी प्रतिभा सिंह ने बुधवार दोपहर दो बजे के बाद दिल्ली में कांग्रेस की राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिभा सिंह के पुत्र एवं शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्‍य सिंह भी उनके साथ थे। सोनिया गांधी ने प्रतिभा सिंह को जीत पर बधाई दी व वीरभद्र सिंह के न‍िधन पर संवेदनाएं भी व्‍यक्‍त की। प्रतिभा सिंह ने मंडी सीट जीतने के बाद पूरा चुनावी फीडबैक पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्षा के समक्ष रखा। विक्रमादित्य सिंह ने भी चुनाव प्रचार में जुटाए अनुभव को साझा किया।

इस दौरान संगठनात्मक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। सोनिया गांधी ने कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी अभी से मिशन-2022 की तैयारियों में जुट जाए। एकजुट होकर चुनावों की तैयारियां करें तभी चुनाव में जीत संभव है। संगठन में किसी भी तरह की गुटबाजी नहीं होनी चाहिए। प्रतिभा सिंह दो बार पहले भी मंडी संसदीय सीट से सांसद रह चुकी हैं।

तीसरी बार वह यहां से सांसद निर्वाचित हुई हैं। इस जीत के बाद उनका राजनीतिक कद और ज्यादा बढ़ गया है। कांग्रेस में वह वरिष्ठ सांसदों की फेहरिस्त में शुमार हो गई हैं। होलीलाज समर्थक मांग कर रहे हैं कि उन्हें संगठन में कुछ अहम जिम्मेदारी सौंपी जाए, ताकि उनके लंबे अनुभव राजनीतिक व पारिवारिक अनुभव का लाभ संगठन को मिल सके