नगर निगम चुनाव में भाजपा की अपनों ने ही बढ़ाई चुनौतियां

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। धर्मशाला

चुनावी दंगल में विपक्ष से दो-दो हाथ करने के साथ ही भाजपा को अपनों की चुनौती से भी जूझना पड़ रहा है। हाल ही में धर्मशाला और पालमपुर में चुनावी समीकरणों की टोह लेकर लौटे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को बागियों से होने वाले नुकसान की चिंता है। मुख्यमंत्री को इस बाबत खुफिया तंत्र ने फीडबैक देकर आगाह किया है। हिमाचल प्रदेश में चार नगर निगम के चुनाव मौजूदा सरकार के लिए किसी चुनौती से कम नहीं हैं।

आलम यह है कि सीएम जयराम ठाकुर खुद चुनावी दंगल में उतरे हुए हैं। धर्मशाला से लेकर मंडी तक प्रचार अभियान कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, खुफिया तंत्र ने मुख्यमंत्री को अलर्ट किया है कि धर्मशाला में भाजपा के 14 बागी जीत की राह में बड़ा रोड़ा अटका सकते हैं। बताया जा रहा है कि रिपोर्ट के बाद सीएम जयराम ठाकुर ने अपने सिपहसालारों को अभी से बागियों को साधने को कहा है।

नगर निगम धर्मशाला के 17 वार्डों में भाजपा के 14 बागी आजाद चुनाव लड़ रहे हैं, जिनको पार्टी ने निष्कासित कर दिया है। पालमुपर नगर निगम में भाजपा के बागी कम तादाद में खड़े हुए हैं। ऐसी भी चर्चा है कि सीएम ने नगर निगम धर्मशाला के चुनाव प्रभारी राकेश पठानिया और विधायक विशाल नैहरिया से बागियों को न मना पाने को लेकर नाराजगी भी जताई है।

धर्मशाला में कांग्रेस के लिए भी राह आसान नहीं है। 5 बागी आजाद चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि, कांग्रेस पार्टी उन्हें अपना कार्यकर्ता नहीं बता रही है। कांग्रेस ने धर्मशाला के 17 में से 13 वार्डों में पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा को अपना स्टार प्रचार बनाया है। इन वार्डों में उम्मीदवारों के होर्डिंग और प्रचार सामग्री में सुधीर शर्मा को ही मुख्य स्थान दिया जा रहा है, लेकिन, 4 वार्डों में देवेंद्र जग्गी, नीनू शर्मा, सविता काकी व अनुरोग धीमान अपने होर्डिंग में सुधीर शर्मा के फोटो नहीं लगा रहे हैं।

धर्मशाला में भाजपा मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा को चुनावी प्रबंधन की बागडोर अंतिम समय में सौंपना भी चुनावी चर्चा बन रही है। इसके अलावा, आईजीएमसी अस्पताल शिमला के एमएस डॉ. जनक राज की सास प्रकाश देवी का वार्ड-12 बड़ोल से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ना भी सियासी चर्चा का विषय बना हुआ है।

नगर निगम धर्मशाला के तीन वार्ड हॉट सीट बन गए हैं। शामनगर से वार्ड बदलकर रामनगर से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के मेयर देवेंद्र जग्गी की सीट हॉट मानी जा रही है। हालांकि, वह प्रचार में सुधीर शर्मा के नाम या फोटो का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। भाजपा उम्मीदवार डिप्टी मेयर ओंकार नैहरिया के वार्ड-3 में पार्टी के तीन बागियों ने लड़ाई कड़ी कर दी है। विधायक विशाल नैहरिया के वार्ड सिद्धपुर में बागी सर्वचंद गलोटिया ने आजाद उतर समीकरण बिगाड़ दिए हैं। वहीं, चुनाव प्रचार में सांसद किशन कपूर का अचानक सक्रिय होना चर्चा का केंद्र बना हुआ है।