श्रीचामुंडा नंदीकेश्वर धाम में शरद नवरात्र के लिए तैयारियां पूरीं

नरेश धीमान। योल

श्रीचामुंडा नंदीकेश्वर धाम में शनिवार से शुरु हो रहे शरद नवरात्र के लिए तैयारियां जोरों से चली है। मंदिर सहायक अधिकारी अमित गुलेरी व कनिष्ठ अभियंता सुरेश कुमार ने बताया कि श्रीचामुंडा नंदिकेश्वर धाम में शरदीय नवरात्र के लिए लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंदिर की चांदी को साफ किया जा रहा है, उसके उपरांत दानी सज्जन सुभाष द्वारा मां के दरबार को ताज़े फूलों से सजाया जाएगा। 17 अक्तूबर से 25 अक्तूबर तक चलने वाले शरद नवरात्रों में आचार्य बालक राम की अगवाई में 21 विद्वान पंडित भाग लेंगे, जिसमें रामकिशन मुख्य यजमान व हिमांशु अवस्थी को सहायक यजमान बनाया गया है।

9 दिन तक यज्ञशाला में गणेश वंदना, सत चंडी, देवी भागवत, चामुंडा बीज मंत्र, गायत्री पाठ ,रामायण पाठ व रुद्राभिषेक आदि पाठ किए जाएंगे, जिसके लिए मंदिर के साथ ही एक अस्थायी हवन कुंड का निर्माण किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि जिलाधीश के दिशा-निर्देशों के अनुसार चामुंडा मंदिर पहुंचने वाले सभी श्रद्धालुओं की सर्वप्रथम थर्मल स्कैनिंग करने के उपरांत उनका रजिस्ट्रेशन किया जाएगा तथा मास्क, शरीरिक दूरी पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए सुरक्षा की दृष्टि से डेढ़ रिजर्व पुलिस बल व 30 होमगार्ड के जवान तैनात किए जाएंगे।

लंगर भवन, मुंडन संस्कार व बाणगंगा में नहाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा ।अष्टमी की रात को मां चामुंडा का नशीत पूजन कर माँ को पूर्व की भांति 108 प्रकार के देसी घी के बने व्यंजनों का भोग मां के चरणों में अर्पित किया जाएगा। इस बार हिमानी चामुंडा में भी न्यासी अनिल गौड़ यजमान के रूप में 9 दिन तक पूजा-अर्चना करेंगे, जिसमें 3 पंडित भाग लेंगे। वहीं, नवरात्र के लिए समस्त मंदिर कर्मचारी दिन रात इस कार्य मे जुटे हुए हैं। वहीं, कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि नवरात्र के दौरान मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनों हेतु सुबह 6 बजे खोले जाएंगे तथा 9 बजे बंद कर दिए जाएंगे। अगर श्रद्धालुओं की संख्या में बृद्धि होती है, तो समय मे बदलाव किया जा सकता है।