नवदुर्गा महाकाल उग्रतारा नैणा देवी ने गंगा में किया शाही स्नान

उमेश भारद्वाज। मंडी

बल्ह धाटी की आराध्य देवी नवदुर्गा महाकाल उग्रतारा ने हरिद्वार में मां गंगा की निर्जल और पावन धारा में शाही
स्नान किया। जानकारी देते हुए पुजारी मनोहर लाल ने बताया कि देवी हर वर्ष मां गंगा में शाही स्नान करने के लिए हरिद्वार जाती है। इस वर्ष करोना वैश्विक महामारी के कारण देवी करंडी स्वरूप में हरिद्वार के लिए अपने मुख्य कारदारों के साथ गई हुई है। देवी एक सप्ताह से छत्तीसगढ़ व उत्तराखंड में अपने भक्तों के घर आतिथ्य के लिए गए है। उन्होंने कहा कि रविवार को देवी माता को शाही स्नान के लिए हरी की पौड़ी मे ले जाया गया।

देवी माता सर्व प्रथम माता गंगा के मुख्य मंदिर में गई। जहां मंदिर के पुजारियों द्वारा देवी का भव्य स्वागत किया गया। पुजारियों ने देवी की पुजा अर्चना कर देवी को हरी की पौड़ी की ओर विधि-विधान के साथ ले जाया गया तथा वहां देवी का शाही स्नान किया गया। मनोहर ने कहा कि विधिवत रूप से पूजा अर्चना कर माता को पुजारियों द्वारा मन्दिर की ओर से चुनरी व त्रिशूल भेंट किया गया। बता दें कि देवी नवदुर्गा महाकाल उग्रतारा नैणा देवी का मंदिर बल्ह घाटी के नेरचौक में स्थित है तथा देवी के पास प्रदेश ही नही अपितु पूरे देश से श्रद्धालु आते हैं।

देवी माता की मान्यता उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, दिल्ली अन्य राज्य में बहुत अधिक हैं। पुजारी मनोहर लाल ने कहा कि शाही स्नान कर देवी अपने मदिर के लिए वापस रवाना हो गई है। नवरात्रि पर्व पर देवी माता के मंदिर में भक्तों की भीड़ रहती है तथा भव्य जागरण के आयोजन भी श्रद्धालुओं द्वारा करवाए जाते है। इस मौके पर माता के कुल प्रोहित चमन लाल शास्त्री, सचिव धनदेव, कपिल राणा अन्य सदस्य मौजूद रहे।