कुछ अच्छा करने के लिए विजन या इरादा नहीं : पीएम मोदी

उज्जवल हिमाचल। गुवाहाटी

असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोकाखाट में रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब केंद्र और असम में कांग्रेस सत्ता में थी, तब दोहरी लापरवाही और दोहरा भ्रष्टाचार था। आपको याद रखना होगा कि कांग्रेस का मतलब है अस्थिरता, भ्रष्टाचार। उनके पास कुछ अच्छा करने के लिए कोई विजन या इरादा नहीं है।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अब ये तय हो गया है कि असम में दूसरी बार भाजपा सरकार बनेगी। असम में दूसरी बार एनडीए सरकार बनेगी। असम में दूसरी बार डबल इंजन की सरकार बनेगी। आज मैं यहां बैठी हमारी सभी माताओं, बहनों, बेटियों को आदरपूर्वक कह सकता हूं कि आपने जिस जिम्मेदारी और जिन उम्मीदों के साथ भाजपा की सरकार चुनी थी, उसे पूरा करने के लिए हमने जी-जान से मेहनत की है।

कांग्रेस राज में सवाल था कि ब्रह्मपुत्र के दोनों किनारों के बीच आपस में कनेक्टेविटी कैसे बढ़े? एनडीए के सेवाकाल में ब्रह्मपुत्र पर आधुनिक पुल बन रहे हैं। पुराने अधूरे पुलों को पूरा किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि काजीरंगा सहित हमारे तमाम अभ्यारण्य, हमारे वनक्षेत्र, हमारी धरोहर भी हैं, पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी हैं और रोजी रोटी के साधन भी हैं। मुझे खुशी है कि बीते 5 साल में असम में वनक्षेत्र में वृद्धि हुई है। एनडीए सरकार ने राइनो शिकारियों को जेल में डाला है।

हम जानवरों की सुरक्षा के साथ-साथ असम के लोगों के लिए सुविधाओं के लिए काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि असम की एक और बहुत बड़ी ताकत है पेट्रोलियम और इससे जुड़े उद्योग। दशकों तक कांग्रेस असम के इस सामर्थ्य पर भी बैठी रही। बीते 6 साल में तेल और गैस के सेक्टर में असम में 40 हजार करोड़ रुपए से अधिक का निवेश किया गया है। आज से 90 वर्ष से भी पहले अग्रेजों ने एक कानून बनाकर बैंबू को वृक्ष की कैटेगरी में डाल दिया था। ये कानून प्राइवेट जमीन पर उगाए गए बैंबू को काटने, उनके ट्रांसपोर्टेशन पर रोक लगाता था।

आजादी के बाद भी 70 वर्ष तक ये कानून ऐसे ही चला। असम दर्शन के तहत 9,000 से ज्यादा सत्रों, नामघरों और आस्था से जुड़े दूसरे स्थानों में इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर करने का काम भी भाजपा और एनडीए की सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने यही भी कहा कि अब जब केंद्र में NDA सरकार है और राज्य में भी NDA सरकार है, तो डबल इंजन की ताकत असम को तेजी से आगे बढ़ा रही है। अब हाईवे बनाने पर डबल ताकत से काम हो रहा है। क्योंकि राज्य सरकार भी असम को देश से जोड़ रही है और केंद्र सरकार भी। असम में 27 मार्च से तीन चरण में चुनाव होने हैं। नतीजे दो मई को आएंगे।