विकास खंड बिझड़ी में नहीं टिकते अधिकारी

ढाई साल में पांच बीडीओ ने करवा ली ट्रांसफर

एस के शर्मा। बड़सर

विकास खंड बिझड़ी में सब कुछ ठीक ठाक नहीं चल रहा है। विकास खंड कार्यालय बिझड़ी में अधिकारी व कर्मचारी नहीं टिक रहे हैं। आए दिन जॉइनिंग  देने के बाद वे अपने तबादले करवा दूसरे स्थानों पर जा रहे हैं। जिसके चलते पंचायतों में विकास कार्य समय पर पूर्ण नहीं हो पा रहे हैं।

बताते चलें कि विकास खंड कार्यालय बिझड़ी में पिछले ढाई साल में यहां पर पांच बीडीओ ज्वाइन करने के बाद वापिस दूसरे क्षेत्र में जा चुके हैं। पंचायत निरीक्षक अपनी प्रमोशन छोड़कर वापिस अपने पुराने स्थान पर चले गए हैं। कई पंचायतों में कार्यरत कर्मचारी अपनी मनमर्जी से ड्यूटी पर आते जाते हैं। विकास कार्यों को तरजीह देने की बजाय अपने जिंदगी के ऐसो आराम पर ध्यान दिए हुए हैं। जिसके चलते पंचायतों में विकास कार्य समय पर पूर्ण नहीं हो पा रहे हैं। विभिन्न मदों से मिलने वाली राशि की किस्तें समय पर नहीं मिल रही हैं।

 

पंचायतों में होने वाले विभिन्न विकास कार्यों के एस्टीमेट तक नहीं बन पा रहे हैं। यही नहीं तकनीकी विंग, पंचायत प्रतिनिधियों की मदद करने की बजाय उनके सुपरवाइजर बनकर हेकड़ी झाड़ते हैं। विकास कार्य को दिशा देने की बजाय कार्य पूर्ण होने पर उसमें  खोट निकाले जा रहे हैं। कार्य प्रगति के समय किसी तरह की तकनीकी मदद नहीं दी जा रही है। जिसके चलते अब पंचायत प्रतिनिधि विकास कार्यों से अपने हाथ पीछे खींच रहे हैं।

उधर बीडीओ बिझड़ी हिमांशी ने बताया कि कार्यों को विकास गति देने के लिए सर्किल वाइज मीटिंग में की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कोताही बरतने वाले कर्मचारियों को नोटिस जारी हो सकते हैं। तकनीकी बिंग में कुछ कमियां जरूर है। सुधारने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को समय पर अपने कार्यस्थल पर होना निश्चित किया जाएगा।