शरण कॉलेज में ऑनलाइन वेबीनार

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

शरण कॉलेज ऑफ एजुकेशन फॉर वूमेन घुरकड़ी (कांगड़ा) में वोकेशनल एजुकेशन नई तालीम एवं एक्सपीरियंस लर्निंग विषय पर आधारित ऑनलाइन वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य वक्ता डॉ शत्रुघ्न भारद्वाज जी (रीजनल को-आर्डिनेटर, वेंटल, डिपार्टमेंट ऑफ हायर एजुकेशन गवर्नमेंट ऑफ इंडिया) ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति की बारीकियों से रू-ब-रू करवाया। वर्कशॉप में बीएड और डीएलएड सभी छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

डॉ शत्रुघ्न ने वेंटल एक्शन प्लान की सभी बारीकियों को बहुत ही अच्छे तरीके से समझाया और साथ ही उन्होंने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति संबंधी बहुत सारी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की। उन्होंने कहा कि न्यू एजुकेशन पॉलिसी वोकेशनल एजुकेशन पर आधारित होगी। इसमें क्वालिटी ऑफ एजुकेशन, डिग्निटी ऑफ लेबर, वैल्यू बेस्ड एजुकेशन, स्किल बेस्ड तथा मातृभाषा पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने वर्कशॉप के दौरान बार-बार एक्सपीरियंस लर्निंग की बात की।

उन्होंने कहा हमें पद से सुशोभित नहीं, पद को सुशोभित करना है। क्योंकि जो परिश्रमी व्यक्ति होता है, उसके लिए बहुत सारी जगह सदैव खाली रहती हैं। इसलिए आलसी ना बने, कार्यकर्ता बने, जिस भी जगह काम करें, वहां अपनत्व की भावना से काम करें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। बस हममें काम करने की लगन होनी चाहिए, जब हम काम को कर्म ही पूजा मानकर करेंगे, तो हमारे लिए सारे काम आसान हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि गांधी जी की नई तालीम के अनुसार शिक्षा का जो केंद्र बिंदु था वो हस्तकलाएं थीं, तो आज भी हमें अपनी शिक्षा में उन्हीं हस्तकला ओं को शामिल करना है। हमें एक ऐसी शिक्षा ग्रहण करनी है, हमें एक ऐसी शिक्षा बच्चे को देनी है, जो हमें भीतर से आत्मनिर्भर बना सके। बच्चों में स्वाबलंबन की भावना पैदा कर सके।

साथ ही उन्हें जीविकोपार्जन में मदद कर सके। वेंटल एक्शन प्लान के तहत शरण कॉलेज में करवाई गई गतिविधियों की उन्होंने काफी सराहना की तथा कहा कि उन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं ने लोगों को जागरूक किया है। यह अति सराहनीय कार्य है। अंत में कॉलेज प्राचार्य डॉ सुमन शर्मा ने शत्रुघ्न जी का आभार व्यक्त किया और कहा कि सर आपकी अभि प्रेरणा से ही हम आज का यह वेबीनार करवाने में सक्षम हुए हैं।