युक्रेन में अभी भी 58 हिमाचली, 418 छात्रों सुरक्षित घर पहुंचे

उज्जवल हिमाचल। शिमला

रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग में अभी भी हिमाचल प्रदेश के 58 छात्र वहां फंसे हुए हैं। 418 छात्रों को घर तक सुरक्षित पहुंचाया गया है। ये जानकारी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को सकुशल घर वापस लाने के प्रयास जारी हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि यूक्रेन से जिन 58 छात्रों की घर वापसी नहीं हो सकी हैए उनसे और उनके परिजनों से सरकार संपर्क में है। इनमें से कुछ छात्र यूक्रेन में हैं और कुछ आसपास के देशों में हैं। सभी छात्र सुरक्षित हैं और जल्द ही उनके वापस आने की उम्मीद है।

यूक्रेन में फंसे लोगों से समुचित समन्वय के लिए राज्य सरकार ने एक हेल्पलाइन जारी की है। हेल्पलाइन पर अब तक जिन लोगों ने पंजीकरण करवाया है, उनमें से 418 विद्यार्थी भारत पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूक्रेन में फंसे विद्यार्थियों की सकुशल स्वदेश वापसी के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। राज्य सरकार ने भारत आने वाले सभी हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों को निशुल्क घर लाने के लिए व्यवस्था की है। वहीं मुख्यमंत्री ने वहां फंसे विद्यार्थियों के माता.पिता से उनका मनोबल बढ़ाने का भी आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निरंतर भारत सरकार और विदेश मंत्रालय के संपर्क में है।