मतदाता ने पकड़ी रफ्तार, दोपहर तक 54 फीसदी वोटिंग

उज्जवल हिमाचल। शिमला

रविवार दोपहर बाद पंचायत चुनाव को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखा। दो बजे तक 54 फीसद वोट डाले गए हैं। अब मतदान के लिए केवल 1 घंटा शेष है। चार बजे तक ही वोट डाले जा सकेंगे। चार बजे से पांच बजे तक कोविड-19 से संक्रमित व्यक्ति वोट डालेंगे। जि़ला ऊना में 2 बजे तक कुल मत का 57 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

सेरु पोलिंग बूथ में मंडी के सांसद राम स्वरूप शर्मा अपनी धर्मपत्नी चंपा शर्मा व अपने परिवार के साथ जलपेहड पंचायत में मतदान करने पहुंचे। वहीं गोलवां पंचायत में जोगिंदर नगर के विधायक प्रकाश राणा ने भी परिवार सहित लोकतंत्र के इस पर्व में भाग ले मतदान किया।

विधानसभा क्षेत्र गगरेट के गांव संघनेई के 102 वर्षीय राम सत और उनकी 96 वर्षीय पत्नी विद्या देवी ने भी इन पंचायत चुनावों में मतदान किया। राम सत ने बताया पिछले लंबे से समय से वे हर चुनाव में अपने मत का प्रयोग करते आ रहे हैं।