तूफान के चलते गिरा पीपल का पेड़, घर काे पहुंचा नुकसान

एसके शर्मा। हमीरपुर

बड़सर उपमंडल की ग्राम पंचायत टिप्पर के गांव अम्बेहड़ी मेें पीपल का पेड़ भारी तूफान के चलते गिर गया, जिसके चलते कच्चे मकान को काफी नुकसान पहुंचा है। मिली जानकारी के अनुसार अम्बेहड़ी पंजारड़ गांव के तुलसीराम के घर पर बीते रोज तूफान के कारण पीपल का पेड़ उनके कच्चे मकान पर गिर गया। जिसके चलते मकान को काफी नुकसान पहुंचा है। गनीमत या रही की पेड़ गिरने से किसी भी जान-माल का नुकसान नहीं पहुंचा है।

पीड़ित परिवार के तुलसीराम ने बताया कि उनका कच्चा मकान था। जिसमें अपने परिवार सहित गुजारा कर रहे थे, लेकिन शनिवार को शाम के समय तेज तूफान के कारण पीपल का पेड़ मकान पर गिर गया। वहीं, प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे हल्का पटवारी ने 5000 रुपए की पीड़ित परिवार को फौरी राहत प्रदान की है। हालात यह है कि परिवार खुले आसमान के नीचे रहने के लिए मजबूर हो गया है। पीपल का पेड़ अभी मकान पर ही गिरा है, जो कि धीरे-धीरे मकान को क्षतिग्रस्त कर रहा है। पीड़ित परिवार खुले आसमान में रसोई बनाने को मजबूर हुआ है।

तुलसीराम ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं, लेकिन अब अचानक पीपल का पेड़ गिर जाने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तुलसीराम तुलसीराम ने जिला प्रशासन और सरकार से राहत देने की गुहार लगाई है। वहीं, पंचायत प्रधान चतर सिंह कौशल ने भी सरकार से और प्रशासन से तुलसीराम को मदद देने की गुहार लगाई है।