चुनावों में मिली हार से बौखलाई कांग्रेस, विधानसभा में किया हंगामा : भाजपा

उमेश भारद्वाज। मंडी

पंचायती राज चुनावों में मिली हार ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं को अंदर तक इतना झंकझोर दिया है। कांग्रेस के नेता अपनी सभी मर्यादाएं भूल कर हिमाचली संस्कृति और संस्कारों को भी भूल गए। यह बात भाजपा प्रदेश महामंत्री, मंडी संसदीय क्षेत्र प्रभारी व सुंदरनगर के विधायक राकेश जंवाल ने मीडिया को जारी बयान में कही। उन्होंने कहा कि कोई राजनीतिक दल चुनावों में मिली हार से इतना बौखला सकता है, इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। विपक्ष के नेताओं के द्वारा विधानसभा सत्र को स्थगित करने के बाद किए गए शर्मनाक कृत्य ने ये साबित कर दिया है कि इस दल के लिए सामाजिक मूल्यों के लिए कोई स्थान नहीं है।

राज्यपाल व मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के साथ दुर्व्यवहार प्रदेश के इतिहास में काला दिवस है और भारतीय जनता पार्टी इसका कड़ा विरोध करती है। राकेश जंवाल ने कहा कि इस कृत्य ने मुकेश अग्निहोत्री जैसे नेताओं की मानसिकता व सोच को जनता के सामने बेनकाब किया है और समय आने पर प्रदेश की प्रबुद्ध जनता इसका उचित जवाब देगी। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के बढ़ते कद व पूरे प्रदेश में बढ़ती लोकप्रियता व स्वीकार्यता ने कांग्रेसी नेताओं को पूरी तरह से हतप्रद कर दिया है और उनकी सोचने और समझने की शक्ति पूरी तरह से समाप्त हो चुकी है।

27 और 28 फरवरी को भाजपा करेगी प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन
उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेताओं का ऐसा अमर्यादित व्यवहार देश व प्रदेश की आने वाली पीढ़ी के लिए अच्छा संदेश नहीं है और मांग की है कि कांग्रेस पार्टी के नेता इस ओछी हरकत के लिए प्रदेश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। राकेश जंवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस कुकृत्य के खिलाफ प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन करेगी और मंडल स्तर पर 27 व 28 फरवरी को कांग्रेस पार्टी का पुतला फूंंकेगी। उन्होंने कहा कि चुनावों में हार व जीत दो पहलू हैं, लेकिन हारने पर ऐसा व्यवहार कतई भी स्वीकार्य नहीं है।