मेरी भाजपा में जाने की झूठी अफवाह फैला, कर रहे जनता को गुमराह: काजल

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

विधानसभा का मानसून सत्र खत्म होते ही विधायक पवन काजल ने कांगड़ा ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मासिक बैठक का आयोजन कर चुनावी रणनीति बनाई। रविवार को कांगड़ा के बलम क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोहर लाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिसमें विधायक काजल विशेष तौर पर उपस्थित रहे।

काजल ने कार्यकर्ताओं से ग्रामीण स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने के लिए टिप्स दिए। उन्होंने कहा हिमाचल में सत्ता का परिवर्तन तय है ऐसे में कार्यकर्ता चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कहा विधानसभा के मानसून सत्र में कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को तेजी लाने की आवाज उन्होंने उठाई है, साथ ही कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन स्कीम की भी पैरवी की है।

काजल ने कहा कुछ लोग सोशल मीडिया में आए दिन उनका भाजपा में जाने की झूठी अफवाह फैलाकर जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। असलियत में वह जहां है वहीं रहकर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को सत्तारूढ़ दल के प्रचार का जवाब पूर्व कांग्रेस कार्यकाल में किए विकास कार्यों से देने का आह्वान किया।

इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुरेश वालिया, सौरभ चौधरी, मोहित सैनी, स्वरूप चंद, विजय कुमार, विवेक, सहित प्रमुख क्षेत्र के बूथ प्रभारी उपस्थित हुए।