धाेखे से बेचा गरीब महिला की जमीन का पट्टा, मामला दर्ज

दौलत चौहान। जवाली

पुलिस थाना जवाली के अंर्तगत हरनोटा पंचायत में एक गरीब महिला की पट्टे की जमीन धोखाधड़ी से बेचने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संदर्भ में 420 का केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी अनुसार रजनी देवी पत्नी योद्ध सिंह निवासी ज्योर (हरनोटा) ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसका पति साधारण है तथा वह काफी गरीब हैं। सरकार की तरफ से वर्ष 1979-80 में उनको ढसोली-कन्याट में करीबन 10 कनाल एक पट्टा अलॉट हुआ था।

पंचायत के एक व्यक्ति ने उनके पति के साधारण होने का फायदा उठाते हुए फरवरी 2020 में उसको तहसील जवाली में ले जाकर राजस्व अधिकारियों से मिलीभगत करके उस बेशकीमती जमीन को धोखाधड़ी से दो महिलाओं को बेच दिया है। रजनी देवी ने पुलिस सहित प्रदेश सरकार से भी न्याय की गुहार लगाई है। क्षेत्र के समाजसेवी व बसपा नेता उजागर सिंह ने कहा कि उक्त गरीब महिला के साथ अन्याय व धोखाधड़ी हुई है।

इसमें जवाली के तहसीलदार पूरी तरह जिम्मेदार है। अतः इस मामले में सभी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और जमीन वापस महिला को लौटाई जाए। इस बारे में एसएचओ जवाली प्रशांत सिंह ठाकुर ने कहा कि रजनी देवी की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी गई है।