प्रधानमंत्री ने देश को दी भ्रष्टाचार मुक्त सरकार: सूद

शकुंतला ठाकुर। कुल्लू

केंद्र में मोदी की सरकार के सात वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर कुल्लू मंडल में विभिन्न कार्यक्रम किए गए। इसके अंतर्गत 113 मतदान केंद्रों पर लोगों ने पीएम नरेंद्र मोदी के मन की बात को सुना और देखा गया। जारी एक प्रेस बयान में प्रदेश के सह मीडिया प्रभारी अमित सूद ने बताया कि जहां पूर्व की कांग्रेस सरकारें भ्रष्टाचार के लिए जानी जाती थी वहीं मोदी ने इस मिथक को तोड़ा और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देश को दी। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल मात्र राजनीति की वस्तु समझने वालों को जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने इस वर्ग को सालाना छह हजार रुपए की सहायता कर किसान हितैषी होने का स्पष्ट उदाहरण पेश किया।

उन्होंने कहा कि चाहे महिलाओं के लिए उज्जवला योजना हो चाहे स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान योजना ये दोनों ही योजनाएं समाज कल्याण के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित हुई हैं। रविवार को केंद्र सरकार के सात वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य पर जिला कुल्लू के विभिन्न स्थानों पर जरूरतमंद परिवारों को सुखा राशन वितरित किया गया, विभिन्न मतदान केंद्रों पर जाकर निम्न नेताओं ने 1000 से अधिक मास्क का वितरण किया और जिन्हें आवश्यकता थी, उन्हें सैनिटाइजर उपलब्ध करवाया गया। इस अवसर पर कुल्लू के पूर्व विधायक एवं पूर्व सांसद महेश्वर सिंह एपीएमसी के चेयरमैन अमर सिंह ठाकुर, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य युवराज बोध, भाजपा कुल्लू मंडल के अध्यक्ष ठाकुर चंद, मंडल की उपाध्यक्षा नैना कंबोज, मंडल के कोषाध्यक्ष एकादशी महंत, कुल्लू मंडल के आईटी संयोजक चमन ठाकुर ने वहां पर उपस्थित लोगों को अलग-अलग समूहों को कोविड से बचने के लिए टिप्स दिए।