वर्चुअल के माध्यम से किया सेवानिवृति का कार्यक्रम

उमेश भारद्वाज। सुंदरनगर

डॉ. सीपी कौशल एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर के नए प्राचार्य नियुक्त हुए हैं। शुक्रवार को विवेक वैद्य की सेवानिवृति के बाद उन्होंने अपना पदभार ग्रहण किया। विवेक वैद्य की सेवानिवृति का कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से किया गया। इस मौके पर कॉलेज के नवनियुक्त प्राचार्य डॉ सीपी कौशल सहित कई प्रोफेसर भी शामिल रहे। डॉ. कौशल इससे पहले कॉलेज के रसायन विज्ञान विभाग के अध्यक्ष के तौर पर कार्यरत थे। कॉलेज में वर्ष 1988 से कार्यरत डॉ. कौशल ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से 1989 में यूजीसी फेलोशिप के साथ हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रसिद्ध प्रोफेसर तथा नासा में रहे रेज़िडेंट साययंटिस्ट डॉ. आरएल बलोखरा के मार्गदर्शन में पीएचडी की उपाधि हासिल की।

रसायन विज्ञान और अन्य क्षेत्रों में उन्होंने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में कई शोधपत्र प्रकाशित किए हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश ऐडीड कॉलेज अध्यापक संघ का 15 वर्षाें से अधिक समय तक नेतृत्व किया है। कॉलेज की मैनेजींग कमेटी में वर्ष 2002 से सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे डॉ. कौशल हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय अध्यापक कल्याण फ़ंड कमेटी के सदस्य हैं। अपने छात्र काल में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की फुटबॉल टीम का अंतर विश्वविद्यालय चैंपियनशिप में नेतृत्व कर चुके डॉ. कौशल हिमाचल प्रदेश फ़ुटबॉल संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हैं।

उनकी नियुक्ति पर स्टाफ काउंसिल के सचिव डा. कामेश्वर ठाकुर, डॉक्टर सुधीर शर्मा, अनिल गुलेरिया, विक्रांत भारद्वाज रजनी शर्मा, डॉ मुकेश वर्मा, राजमल, योगेश सेन, डॉ वीनती, ओल्ड स्टूडेंट के अध्यक्ष प्रभात सिंह ठाकुर, पीटीए अध्यक्ष गंगा सिंह ठाकुर ने डॉ कौशल को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की है कि उनके नेतृत्व में कॉलेज शैक्षणिक तथा अन्य गतिविधियों में और मजबूती हासिल करेगा।