17वीं अंतर्राष्ट्रीय जर्मन कॉन्फ्रेंस में जर्मन शिक्षक रवेंद्र सिंह ने किया रेनबो स्कूल का प्रतिनिधित्व

उज्जवल हिमाचल। नगरोटा बगवां

विगत वर्ष गोयथे इंस्टिट्यूट नई दिल्ली द्वारा रेनबो इंटरनेशनल स्कूल नगरोटा बगवॉं के जर्मन शिक्षक रवेंद्र सिंह का चयन 17वें अन्तर्राष्ट्रीय जर्मन शिक्षक कॉन्फ्रेंस 2022 में भाग लेने के लिए किया गया था। वियाना यूनिवर्सिटी ऑस्ट्रिया में यह सत्र काल 15 से 20 अगस्त (2022)तक आयोजित हुआ। इंटरनेशनल जर्मन टीचर कॉन्फ्रेंस ( आई डी टी) में विश्व के लगभग 3000 शिक्षकों ने भाग लिया। यह कॉन्फ्रेंस विदेशी भाषा के रूप में जर्मन भाषा का दुनिया का सबसे बड़ा इवेंट है जो कि 4 साल में एक बार होता है।

इस बार यह वियाना यूनिवर्सिटी ऑस्ट्रिया में संपन्न हुआ।जर्मन शिक्षक रवेंद्र सिंह ने नोरबैरटुस जिमनाज्यूम मागडेबुर्ग स्कूल जर्मनी में 22 जून से 1 जुलाई 2022 तक वहॉं पांचवी से 11वीं तक के बच्चों को जर्मन भाषा में भारतीय संस्कृति के विषय में अवगत करवाया। इसके बाद 4 जुलाई से 27 जुलाई तक गोयथे इंस्टीट्यूट फ्राईबुर्ग में जर्मन भाषा के कोर्स में भाग लिया। इसके उपरांत 4 अगस्त से 13 अगस्त तक यूरोपीय किंडर सिटी प्रोजेक्ट मागडेबुर्ग में सुपर विजन के रूप में भाग लिया इसके साथ-साथ यूरोप के 22 देशों की यात्रा भी की।

स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ छवि कश्यप ने इस सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने इस अंतरराष्ट्रीय इवेंट में हिस्सा लेकर स्कूल व क्षेत्र के नाम को गौरवान्वित किया है।यह सब उनकी मेहनत व लग्न का ही परिणाम है साथ ही उन्होंने उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।