राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने ली 28वें राज्यपाल के रूप में शपथ

उज्जवल हिमाचल। डेस्क

राष्ट्रपति की ओर से नियुक्त प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने आज पदभार संभाल लिया। मंगलवार को राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने हिमाचल प्रदेश के 28वें राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण की। हिमाचल हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रवि विजय कुमार मलिमठ ने राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को राज्यपाल पद की शपथ दिलवाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित मंत्रिमंडल के सहयोगी मौजूद थे।

अर्लेकर सोमवार को शाम पौने छह बजे राजभवन पहुंचे थे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश पहुंचने पर उनका स्वागत किया। राजेंद्र विश्वनाथ को शाल व टोपी भेंट की। राज्यपाल नियुक्त होने से पहले राजेंद्र विश्वनाथ गोवा विधानसभा के अध्यक्ष थे। राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर का जन्म 23 अप्रैल 1954 को गोवा के पणजी में हुआ था।

बीकॉम तक शिक्षित अर्लेकर गोवा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अतिरिक्त संगठन में दो बार महासचिव, दक्षिण गोवा के पार्टी अध्यक्ष पद पर भी रह चुके हैं। गोवा औद्योगिक विकास निगम में अध्यक्ष के अतिरिक्त गोवा अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग वित्तीय विकास निगम के अध्यक्ष रहे। परिवार में उनकी पत्नी अनघा अर्लेकर और दो बच्चे हैं।