रवि जैलदार संभालेंगे युवा मोर्चा मंडलाध्यक्ष का दायित्व

पूजा शांडिल्य। ऊना

ऊना ब्लाॅक के मलाहत से पंचायत समिति सदस्य रवि जैलदार को भारतीय जनता युवा मोर्चा का ऊना मंडल अध्यक्ष चुन लिया गया है। भाजपा में विभिन्न पदों पर कर्मठता से अपने दायित्व का निर्वहन करने वाले युवा नेता रवि जैलदार को पार्टी ने मंडल अध्यक्ष के पद से नवाजा है। रवि जैलदार युवाओं में खासे पसंद किए जाते हैं।

पंचायत समिति चुनाव में कुल 2800 मतों में से 2108 मत हासिल कर बड़ी जीत दर्ज करने वाले रवि जैलदार का अपने क्षेत्र में भी खासा प्रभाव है। युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष कमल सैनी ने शनिवार को जारी जिला कार्यकारिणी के साथ मंडल अध्यक्ष की ताजपोशी की घोषणा की, जिसमें बीडीसी रवि जैलदार को उन्होंने ऊना मंडलाध्यक्ष मनोनीत किया।

इससे पूर्व रवि जैलदार भाजपा के जिला औद्योगिक प्रकोष्ठ में भी अहम ज़िम्मेदारी निभा चुके हैं, जबकि ऊना मंडल युवा मोर्चा में ही सचिव की भी जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। उन्होंने भाजपा नेतृत्व एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती का यह अहम जिम्मेदारी उन्हें सौंपने के लिए आभार जताया है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा की जन हितैषी नीतियों को घर द्वार तक पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। वहीं पार्टी की मजबूती के लिए हर संभव काम किया जाएगा।