छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कड़की में फंसे तेंदुआ को किया रेस्क्यू

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। पालमपुर

 

चंदपुर गांव में शिकारियों की कड़की में फंस कर एक तेंदुआ घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन मंडल पालमपुर ने धौलाधार प्राकृतिक चेतना केंद्र एवं चिडिय़ाघर गोपालपुर के सहयोग से तेंदुए को रेस्क्यू किया तथा इसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। इस रेस्क्यू आपरेशन में वन विभाग की टीम को लगभग छह घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। रविवार सुबह जंगल में सैर करने गए कुछ लोगों ने चंदपुर टी एस्टेट के निकट जंगल में तेंदुए के गुर्राने की आवाजें सुनी तथा हिम्मत करके घटनास्थल पर पहुंचे। वहां कड़की में फंसे तेंदुए को देखते ही उन्होंने वाइल्ड लाइफ से जुड़े पशु चिकित्सक डॉ. जितेंद्र किश्तबाडिय़ा व वन मंडल पालमपुर को जानकारी दी।

वन मंडल पालमपुर ने चिडिय़ाघर में तैनात पशु चिकित्सक डा. विपिन व डॉ. कपिल के सहयोग से तेंदुए के बचाव अभियान शुरू किया। डॉ. विपिन ने बताया कि पहले तेंदुए को ट्रेंकुनाइजर गन से बेहोश किया गया तथा कड़की से छुड़ाया गया। उन्होंने बताया कि अंधेरा होने के कारण तेंदुआ के रेस्क्यू में लगभग छह घंटे का समय लग गया।