जल्द ही ब्यास नदी में शुरू हाेगी रिवर राफ्टिंग : मंत्रालय

एमसी शर्मा। नादौन

नादौन को पर्यटन के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नक्शे पर लाने के लिए यहां की ब्यास नदी में जल्द ही रिवर राफ्टिंग शुरू कर दी जाएगी। केंद्रीय पर्यटन एवं नागर विमानन मंत्रालय से इसे तकनीकी स्वीकृति हासिल हो गई है। नादौन से देहरा तक ब्यास नदी की जल धाराओं में रिवर राफ्टिंग को मूर्त रूप देने हेतु सरकार ने पर्यटन विभाग को आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यहां पर जल्द ही हेलीपोर्ट की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

नादौन क्षेत्र के लिए इस महत्त्वपूर्ण प्रोजेक्ट की घोषणा करते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने कहा कि नादौन क्षेत्र को राष्ट्रीय एवं अतंरराष्ट्रीय स्तर की पहचान दिलाना उनका स्वप्न था, जिसे अब साकार रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं, जिसमें नादौन से देहरा तक चयनित रूट पर राफ्टिंग के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को जल्द शुरू कर लोगों और देश विदेश से हिमाचल आने वाले पर्यटकों को राफ्टिंग का लुत्फ़ उठाने में किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

निगम उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने कहा नादौन से देहरा तक ब्यास नदी का रूट बिल्कुल समतल है और यहां पर पानी का अधिक दबाब भी नहीं है। इसी वजह से उक्त राफ्टिंग रूट एडवेंचर के साथ ही बेहद सुविधाजनक है। उन्होंने बताया कि हिमाचल में अभी तक पर्यटक सिर्फ धौलाधार की पर्वत श्रृंखलाओं, बीड़ बिलिंग, पौंग बांध और मैक्लोडगंज धर्मशाला आदि चुनिंदा जगहों तक ही सीमित रहते थे, लेकिन नादौन में रिवर राफ्टिंग की सुविधा मिलने से उनका रुझान अब इस क्षेत्र की ओर होगा।

उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यहां पर हेलीपैड का निर्माण भी किया जाएगा। निकटवर्ती कलूर कस्बे में इसके लिए जगह का चयन किया जा रहा है। विजय अग्निहोत्री ने कहा कि राफ्टिंग एडवेंचर की सुविधा की सरकार से अंतिम मंजूरी आ चुकी है। पर्यटकों को वन प्लस वन राफ़्टिंग सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ ही इस प्रोजेक्ट से नादौन क्षेत्र में विकास और एडवेंचर का एक नया अध्याय शुरू हुआ है। इसके लिए यहां की सारी जनता बधाई की पात्र है।