कांगड़ा में कोरोना का कहर, टांडा में छह ने तोड़ा दम

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

प्रदेश में कोरोना से मौत का आंकड़ा हर रोज बढ़ रहा है। वीरवार को कांगड़ा में एक साथ छह लोगों की मौत दर्ज की गई है। पहले मामले में एक 75 वर्षीय महिला शामिल है, जोकि गांव तरोपका जिला हमीरपुर की रहने वाली है। इन्हें 21 सितंबर को टांडा में भर्ती कराया गया था।

इन्हें उच्च रक्तचाप, मधुमेह, आदि बीमारी थी। वहीं दूसरा मामला 78 वर्षीय पुरुष का है और यह कंदर ज्वाली के रहने वाले थे। इन्हें बुधवार को ही टांडा अस्पताल में भर्ती कराया गया था परंतु आज दोपहर को इन्होंने भी दम तोड़ दिया। तीसरा मामला 74 वर्षीय पुरुष निवासी सलूणी चंबा का है। इनकी भी बुधवार देर रात मौत हो गई थी।

चौथा मामला 63 वर्षीय पुरुष है जोकि लडभड़ोल मंडी के रहने वाले थे। बुधवार रात को ही इनका टेस्ट हुआ था परंतु इनकी भी मौत हो गई है। एक 69 वर्षीय बुजुर्ग निवासी हमीरपुर को बुखार और सांस लेने में तकलीफ के कारण भर्ती किया गया था। उन्होंने भी आज सुबह दम तोड़ दिया। वहीं एक सुनेहड़ निवासी 70 वर्षीय महिला जोकि उच्च रक्तचाप, व दिल की बीमारी से पीडि़त थी। इनकी भी टांडा मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई है। वहीं जिला में सात लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।