‘जय जवान जय किसान’ का नारा आज भी है बुलंद : सोहन लाल

उमेश भारद्वाज। सुंदरनगर

‘राष्‍ट्रपिता’ महात्‍मा गांधी और भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्‍त्री का जन्‍म 2 अक्तूबर को हुआ था। हर साल इस दिन दोनों महान विभूतियों को नमन किया जाता है। इसी क्रम में शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस सुंदरनगर ने पूर्व विधायक एवं सीपीएस सोहन लाल ठाकुर की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित कर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वहीं, ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा केंद्र सरकार के द्वारा लाए गए किसान विरोधी अध्यादेशों के खिलाफ रोष रैली भी निकाली गई। इस मौके पर पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि आज गांधीजी और शास्‍त्रीजी की जयंती है।

एक ने हमे अंग्रेजों के खिलाफ लड़ने का रास्‍ता दिखाया, तो दूसरा सादगी का प्रतिमान बन गया। जन्‍मदिन पर दोनों महान नेताओं को देश याद कर रहा है। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री को उनकी सादगी के लिए जाना जाता है। वहीं, वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी लगातार बदलने वाली डिजाइनर वेशभूषा के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने हमेशा देश के किसानों को सबसे ऊपर स्थान पर रखा है। सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि आज महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के पदचिन्हों पर चलने का आह्वान किया है।

लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान जय किसान’ का नारा दिया था। उन्होंने कहा कि ये नारा आज भी उतना बुलंद हैं। किसान हमारे देश की रीड़ की हड्डी हैं और जवान हमारी रक्षा करने वाले हैं। सोहन लाल ठाकुर ने कहा सरकार द्वारा 3 कृषि अध्यादेश पारित कर किसानों का शोषण किया है। इसके खिलाफ प्रदेश कांग्रेस 2 से 10 अक्तूबर तक हस्ताक्षर अभियान चलाकर इन अध्यादेशों की खिलाफत कर रही है।