प्रदेश संयुक्त व्यापार संगठन ने स्वयंभू व्यापारी संगठनों पर लगाए गंभीर आरोप

उमेश भारद्वाज। मंडी 
 हिमाचल प्रदेश में व्यापारियों के हितों की आड़ में स्वयंभू व्यापारी संगठनों पर मान्यता प्राप्त प्रदेश संयुक्त व्यापार संगठन ने एक के बाद एक ताबड़तोड़ हमला बोला है। प्रदेश संयुक्त व्यापार संगठन के प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश ठाकुर ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में ऊना जिला से संबंध रखने वाले बिना पंजीकरण के चलाए जा रहे व्यापार मंडल के अध्यक्ष ने व्यापारियों से 85 लाख रुपये की राशि एकत्रित की है। इस राशि को व्यापारियों की समस्याओं के संदर्भ में न्यायालय में केस दायर करने की एवज में ली गई है। लेकिन हैरानी की बात है कि बिना पंजीकरण के चलाए जा रहे इस व्यापार मंडल के तथाकथित अध्यक्ष ने व्यापारियों को इसका ब्योरा तक नहीं दिया है। अकेले सुंदरनगर से ही 3 लाख की राशि एकत्रित की गई है। उन्होंने यदि प्रदेश के व्यापारी इस मामले को उनके पास आते हैं तो प्रदेश का एकमात्र पंजीकृत संयुक्त व्यापार संगठन मामले में आगामी कार्रवाई करेगा।
सुंदरनगर में संगठन की बैठक के बाद आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार से व्यापारियों की समस्याओं के लिए प्रदेश में व्यापारी आयोग का गठन करने की मांग की है। उन्होंने अभी तक केवल मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में ही व्यापारी आयोग का गठन हुआ है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के निदान और उन्हें एकमंच पर लाने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में चलाए जा रहे छोटे व्यापार मंडलों का संगठन में विलय करवाया जा रहा है। अभी तक शिमला के साथ मंडी, सोलन, ऊना, सिरमौर, कुल्लू, हमीरपुर और कांगड़ा व्यापार मंडलों का विलय कर वहां पर संंगठन की कार्यकारिणियों का गठन कर दिया गया है।
इस मौके पर संगठन के प्रदेश महासचिव भूपेंद्र भंडारी, कोषाध्यक्ष लायक राम भारद्वाज,संगठन सचिव दिनेश शर्मा व सुरेश कौशल, मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र ठाकुर, महिला विंग अध्यक्ष नीलम राणा, मंजू गौड़, गुरमीत कौर, विकास पुरी, कृष्ण चंद मिंटू, वंदना और हंसपाल भी मौजूद रहे।