प्रतिभा सिंह को लेकर BJP विधायक का ‘बयान’ नारी शक्ति का अपमान: जैनब चंदेल

उमेश भारद्वाज। मंडी

प्रदेश में जारी उप चुनावों के दौरान विवादित बयानों का सिलसिला लगातार जारी है। जहां इन बयानों के कारण दोनों राजनीतिक दल सुर्खियों में बने रहते हैं। लेकिन चुनावी दौर में इस प्रकार की बयानबाजी कहीं न कहीं पार्टियों की मुश्किलें भी जरूर बढ़ा देती हैं। ताजा घटनाक्रम में मंडी संसदीय क्षेत्र से विधानसभा क्षेत्र द्रंग से भाजपा विधायक जवाहर ठाकुर ने शिवाबदार में दिए अपने एक बयान के बाद विवादों में घिर गए हैं।

जवाहर ठाकुर ने मंडी लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को लेकर विवादास्पद बयान दिया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। अपने बयान में जवाहर ठाकुर कह रहे हैं कि पति की मृत्यु होने पर पत्नी कम से कम एक साल तक मातम मनाती है, जबकि प्रतिभा सिंह चुनाव लड़ रहीं हैं।

मामले में बीते बुधवार को सीएम जयराम ठाकुर प्रचार के लिए द्रंग विधानसभा क्षेत्र में थे। शिवाबदर में सीएम जयराम ठाकुर की चुनावी सभा में विधायक जवाहर ठाकुर की जुबान फिसली तो कांग्रेस नेताओं ने उन्हें आड़े हाथों ले लिया है। जब जवाहर ठाकुर जनसभा को संबोधित कर रहे थे तो उस दौरान उन्होंने कहा कि हमारे समाज में किसी व्यक्ति की मृत्यु हो जाने पर उसकी पत्नी कम से कम एक साल का मातम मनाती है। प्रतिभा सिंह राज परिवार से हैं। ऐसी क्या आफत आ गई कि सारे नियम छोड़कर आज वह लोकसभा उपचुनाव लड़ने के लिए तैयार हुईं हैं।

 भाजपा पर हमलावर हुई कांग्रेस….

वहीं कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह पर विधायक जवाहर ठाकुर द्वारा दिए गए बयान पर कांग्रेस पार्टी भी भाजपा पर हमलावर हो गई है। इसको लेकर हिमाचल प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष जैनब चंदेल ने मंडी में कहा कि विधायक जवाहर ठाकुर बयान को नारी शक्ति का अपमान करना है और मंडी के मतदाता 30 अक्टूबर को इसका मुंहतोड़ जवाब सत्तारूढ़ भाजपा को देंगे।

विक्रमादित्य सिंह ने भी किया पलटवार…

शिमला ग्रामीण के विधायक और प्रतिभा सिंह के सुपुत्र विक्रमादित्य सिंह ने भी जवाहर ठाकुर के इस बयान पर पलटवार किया हैं। विक्रमादित्य ने जवाहर ठाकुर के संस्कार और मानसिकता को नारी विरोध से ग्रस्त बताया है। विक्रमादित्य ने अपने सोशल मीडिया पेज से जवाहर ठाकुर का वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “यह हैं भाजपा के विधायक जवाहर ठाकुर जिनके संस्कार और मानसिकता नारी विरोध से ग्रस्त हैं, मुख्यमंत्री जी की उपस्थिति में इस तरह की शब्दावली का प्रयोग और मुख्यमंत्री जी का मौन रहना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने आगे लिखा, “जो दर्द हमारे परिवार को हैं वह हम ही जानते हैं, पर महिलाओं और बेरोज़गार युवाओं का दर्द भी कुछ कम नहीं हैं जिन्हें महंगाई की मार झेलनी पड़ रहीं हैं जिनके लिए श्रीमती प्रतिभा सिंह मैदान में उतरी हैं।”