बूथ स्तर पर कांग्रेस पार्टी काे मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं की जानी राय

जतिन लटावा। जोगिंद्रनगर

ब्लॉक कांग्रेस जोगिंदरनगर के अध्यक्ष डॉ. राकेश धरवाल ने जोगिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र के बूथों में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए लांगणा पंचायत और खड़ीहार पंचायत के गयूनी, ज्यूनी, नेरी कोटना, डोल, खड़ीहार बूथ के सभी अध्यक्षों और बूथ कमेटियों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ भेंट कर कांग्रेस को बूथ स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं की राय जानी। साथ ही निकट भविष्य में होने वाले मंडी संसदीय क्षेत्र के उपचुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा। डॉ राकेश ने कहा कि सरकार अपनी हार को देखते हुए उपचुनावों से पीछे हट रही है, लेकिन आम जनता ने इस सरकार को उखाड़ने का पूरा मन बना लिया है।

दिन-प्रतिदिन बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल के आसमान छूते दाम, खाद्य वस्तुओं की बेतहाशा बढ़ती हुई कीमतों से आम जनता में बहुत रोष व्याप्त है। स्थानीय विधायक हर दिन पंचायतों में जाकर झूठी घोषणाओं से लोगों को बेवकूफ बनाने में लगे हुए हैं। पिछले 4 वर्ष के कार्यकाल में इस सरकार ने कोई भी विकास कार्य नहीं किए हैं। सड़कों की हालत खराब है, लोग पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। स्थानीय विधायक ने चुनावों से पहले क्षेत्र की भोली भाली जनता को जो सपने दिखाए थे, उसके झांसे में अब जनता फिर से आने वाली नहीं है।

कांग्रेस पार्टी हर बूथ स्तर पर जाकर सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी और बूथ स्तर पर कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए बैठकों का दौर आगे भी जारी रहेगा। आज की बैठक में कालिदास पलसरा, जेआर कटवाल, राम सिंह, लकी ठाकुर, बलबीर सिंह, जोगिंदर सिंह , जीवन सिंह, यशवंत सिंह , रूपलाल व सुरेश कुमार इत्यादि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।