मर्यादा में रहकर ब्यानबाज़ी करें सुख्खु वरना होंगे गंभीर परिणाम : मंडल भाजपा

एमसी शर्मा। नादौन
नादौन मंडल भाजपा ने कांग्रेस नेता और स्थानीय विधायक सुखविंद्र सिंह को चेतावनी दी है कि वो मर्यादा में रहकर ही राजनैतिक बयानबाज़ी करें वरना भाजपा चुप नहीँ बैठेगी और उन्हें मुँह तोड़ जबाब दिया जायेगा। भाजपाइयों ने आरोप लगाया है कि महज़ चुनावों के लिये नादौन की धरती को अपना सियासी अड्डा बनाने वाल उक्त कांग्रेसी नेता यहाँ की जनता का कभी भी सच्चा हितैषी नहीँ हो सकता। भाजपा की मंडल इकाई के मंडलाध्यक्ष ठाकुर हरदयाल सिंह,महामंत्री राजिंदर ठाकुर, पवन शर्मा, उपाध्यक्ष उमा चंद, मीडिया प्रभारी आजमेल वर्मा, दविंदर निक्कू, कमलेश कुमारी, शकुन्तला, विपिन कुमार, विजय अतुल, सुरिंदर छिन्दा, आशीष डोगरा, राजकुमार सौंधी, विनोद पत्थानिया,
आदि ने सुखविंद्र सिंह सुखु के उस बयान को गैर जिम्मेदाराना और आधारहीन करार दिया है जिसमें सुखु ने पंचायत चुनावों के रोस्टर में एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री के हस्तक्षेप की बात कही थी। भाजपाइयों ने कहा कि स्थानीय विधायक को इतना तो मालूम होना चाहिये कि रोस्टर जारी करने से लेकर चुनाव प्रक्रिया को सम्पूर्ण करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कार्य किया जाता है और इसमें सरकार के स्तर पर कोई हस्तक्षेप नहीँ किया जाता। लेक़िन सुख्खु की राजनीति लोगों में झूठ फ़ैलाने और बरगलाने तक ही सीमित है। इसलिए आये दिन उनके ऐसे बेसिरपैर के बयान लोगों में हास्य का पात्र बनते हैं।
उन्होंने कहा कि विकास खण्ड नादौन में चुनाव आयोग ने जो भी रोस्टर जारी किया है भाजपा उसका स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि पंचायतों, बीडीसी और जिला परिषद के चुनावों में कौन जीतेगा इसका फैसला जनता करेगी। इसलिये अपनी सम्भावित हार के डर की वजह से सुखु ने जनता के बीच शोशेबाजी करना शुरू कर दिया है।भाजपा नेताओं ने सुखु को कटघरे में खड़ा करते हुए सवाल किया है पिछले तीन सालों में नादौन की जनता के बीच बिताए गये समय की जानकारी जनता के बीच प्रस्तुत करे। उन्होंने कहा कि नादौन के विकास में उक्त नेता का शून्य योगदान है। क्योंकि कांग्रेस की सरकार के समय मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से उक्त नेता का छतीस का आंकड़ा रहा जिसका खामियाजा नादौन क्षेत्र ने भुगता। भाजपाइयों ने कहा कि सुखु के राजनैतिक सफर को बारीकी से परखा जाए तो इसमें झूठ, फरेब, छल , विरोध और गुटबाजी के सिवाए और कुछ नज़र नहीँ आता। इसीलिए उक्त नेता चुनावों के समय गुटबाजी, छल, झूठ और फ़रेब का सहारा लेकर लोगों को बरगलाने में कामयाब होता रहा है। उन्होंने कहा कि नादौन की जनता अब सुखु के सियासी पैंतरों को समझ चुकी है और अब इसके छलावे में नहीँ आयेगी। भाजपा की मण्डल इकाई ने कहा कि निगम उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री जनसेवा के कार्यों में जुटे हुये हैं। चुनाव आयोग के कार्यों में वो हस्तक्षेप नहीँ करते। वावजूद इसके स्थानीय विधायक सुखु द्वारा उन पर की गई आधारहीन बयानबाजी का मण्डल बीजेपी कड़ा संज्ञान लेते हुये सुखु को चेतावनी जारी करती है कि इस प्रकार की ओच्छी राजनीति से परहेज़ किया जाये वरना इसके गम्भीर नतीजे होंगे। उन्होंने कहा कि शराफ़त को कमज़ोरी समझने की भूल न की जाये। भाजपा हर मंच पर इसका मुँह तोड़ जबाब देगी और सुखु के जनविरोधी और नादौन विरोधी चेहरे को बेनकाब करने के लिये युद्धस्तर पर अभियान छेड़ देगी।