सुक्खू सरकार दे रही विकास कार्यों में नई दिशा

अनिरूद्ध सिंह ने नालदेहरा क्षेत्र का किया दौरा

उज्ज्वल हिमाचल। शिमला

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरूद्ध सिंह ने आज यहां कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत नालदेहरा के पंचायत घर सभागार में आयोजित समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए हर संभव कार्य कर रही है और प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कृत संकल्प हैं। उन्होंने बताया कि इस कड़ी के तहत राज्य सरकार ने पंचायत घरों को बनाने के लिए धनराशि को 33 लाख रुपये से 1 करोड़ 14 लाख रुपये किया है और इस दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है।

 नालदेहरा पंचायत घर के लिए दिए 30 लाख रुपये  
उन्होंने नालदेहरा क्षेत्र में सभी सम्पर्क मार्गों को सुदृढ़ करने के लिए अधिकारियों को प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए ताकि लघु एवं सीमांत किसानों की आर्थिकी को संबल प्रदान हो और उनकी आय में इजाफा हो सके। उन्होंने पंचायत घर नालदेहरा को सुदृढ़ करने के लिए 30 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की और महिला मण्डल सियों के लिए 5 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की।
कैबिनेट मंत्री ने नालदेहरा क्षेत्र में स्थानीय बाशिंदों को आश्वासन दिया कि उन्हें पेयजल की समस्या से शीघ्र निजात दिलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने नालदेहरा क्षेत्र में हिमाचल पथ परिवहन निगम की नियमित सेवाएं प्रदान करने का आश्वासन दिया ताकि ग्रामीण लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिले। इससे पूर्व भूतपूर्व मंत्री रूप दास कश्यप ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया।

कोगी वार्ड में जनसभा को किया संबोधित
इसके उपरांत अनिरूद्ध सिंह ने कोगी वार्ड में जनसभा को संबोधित किया और कहा कि मानसून आपदा के बावजूद वर्तमान कांग्रेस सरकार विकास कार्यों को नई दिशा दे रही है और युवाओं के लिए सरकारी नौकरी में पारदर्शिता बढ़ाई जा रही है। उन्होंने सामुदायिक केन्द्र कोगी के लिए 5 लाख रुपये की राशि प्रदान की और खेल मैदान की फेंसिंग के लिए 3 लाख रुपये की राशि प्रदान की।

सोंथल और क्यारकोटी में जनसभा को किया संबोधित
पंचायती राज मंत्री ने सोंथल और क्यार कोटी में जनसभा को संबोधित किया और स्थानीय लोगों को कहा कि वर्तमान राज्य सरकार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य कर रही है और प्रदेश के सभी वर्गों के लिए हितकारी निर्णय ले रही है। उन्होंने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया और सम्पर्क मार्गों को सुदृढ़ करने का भी आश्वासन दिया।
इसके उपरांत उन्होंने स्थानीय लोगों की जन समस्याएं सुनीं और उनके साथ सीधा संवाद स्थापित किया और अधिकारियों को समयबद्ध सीमा में जन समस्याओं का निवारण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कसुम्पटी के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम किशन शांडिल, मशोबरा ब्लाॅक समिति की अध्यक्षा चंद्रकांता वर्मा, पार्टी के पदाधिकारीगण, पंचायत जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, कार्यकर्ता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट शिमला

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें