एक साल के कार्यकाल में सुक्खू सरकार की पड़ी चमक फीकी

उज्ज्वल हिमाचल। नूरपुर

प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष एंव कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के सह प्रभारी डॉ. राजीव भारद्वाज ने नूरपुर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार की एक साल में ही चमक फीकी पड़ी है जिससे कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री को अब लोकप्रिय मुख्यमंत्री नहीं अपितु लॉकप्रिय मुख्यमंत्री कहा जाना उचित होगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने राजनैतिक जीवन में ऐसी सरकार नहीं देखी जिसकी चमक जल्द ही समाप्त हो गई हो क्योंकि सुक्खू सरकार ने सत्ता में आते ही भाजपा कार्यकाल में खोले विभिन्न संस्थान बंद किए।

उन्होंने कहा कि यह सरकार सभी झूठी गारंटियों के बजह से सत्ता में आई है जबकि लोगों को अब भी उन गारंटियों का इंतजार है जिन्हें अभी तक पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार की वित्तीय स्थिति खराब है। सरकार के पास कर्मचारियों को वेतन देने तक के पैसे नहीं है। जिससे स्थिति और खराब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अब तक के कार्यकाल में लगभग 14 हजार करोड़ का कर्ज ले चुकी है जोकि बहुत ज्यादा है जबकि विकास कार्य ठप्प पड़े है।

उन्होंने कहा कि जब-जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकारें आई है तब-तब प्रदेश कर्ज के बोझ तले दबा है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब धूमल सरकार ने सत्ता संभाली थी तो प्रदेश पर 21,241 करोड़ रुपए का कर्ज था और धूमल सरकार ने 2007 से 2012 तक पांच वर्षों में 7466 करोड़ का कर्ज लिया था। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर सरकार ने सत्ता संभाली थी तो प्रदेश पर 47, 809 करोड़ का कर्ज था और जयराम ठाकुर सरकार ने अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में 17,829 करोड़ का कर्ज लिया था।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार में सब ठीक नहीं है।उन्होंने कहा कि लोगों का इस सरकार से मोहभंग हो चुका है। लोकसभा के चुनावों में भाजपा चारों सीटें भारी बहुमत से जीतेगी। इस अवसर भाजपा संगठनात्मक जिला नूरपुर के महासचिव राजेश काका, कुलदीप डोगरा सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी भी मौजूूद थे।

संवाददाताः विनय महाजन

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें