सुंदरनगर पुलिस ने किया भांग के पौधों को नष्ट

उमेश भारद्वाज। सुंदरनगर
वीरवार को मंडी जिला एसपी गुरदेव शर्मा के दिशानिर्देशानुसार सुंदरनगर थाना पुलिस द्वारा अपने भांग उखाड़ो अभियान को जारी रखा। इस मौके पर थाना प्रभारी सुंदरनगर कमलकांत ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए चतुर्थ भारतीय आरक्षित वाहनी के बीएसएल सुरक्षा सुंदरनगर में लगे जवानों और टैक्सी व आटो यूनियन सुंदरनगर के सहयोग से मंडी पुलिस के द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुंदरनगर शहर के आस पास के क्षेत्रों महावीर स्कूल, डीएवी स्कूल, नगौण खड्ड,डेंटल कालेज में प्राकृतिक रूप से उगे भांग के पौधों को उखाड़ा गया। जानकारी देते हुए थाना प्रभारी सुंदरनगर कमलकांत ने कहा कि पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।
उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा अपना यह अभियान शहर के अन्य क्षेत्रों बनायक, बाड़ी व पुंघ वार्डों में जारी रहेगा। कमलकांत ने कहा कि प्राकृतिक रूप से उगे भांग के पौधे युवाओं को नशे के लिए आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं। चरस को समाप्त करने के लिए इस अभियान में अधिक से अधिक लोगों को अपनी सहभागिता निभानी होगी। उन्होंने स्थानीय लोगों का इस भांग उन्मूलन में सहयोग देने की अपील की है।