बर्फीले क्षेत्राें में फिट रहने के लिए देखें क्या कर रहे जवान

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। जम्मू

जम्मू-कश्मीर में इन दिनों पहाड़ बर्फ की सफेद चादर से ढके हुए हैं। हर तरफ नजर दौड़ाओं तो चौंधिया जाएंगी। खून जमा देने वाले इस ठंड में जहां नलों का पानी, प्राकृतिक जल स्रोत, जमे हुए हैं वहीं भारतीय सेना के जवानों का जोश देख आप सिहर उठेंगे। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद से लड़ रहे सेना के जवान बर्फीले क्षेत्राें में कड़ी ठंड में भी जोश दिखा रहे हैं। देश के दुश्मनों के मंसूबों को नाकाम बनाने के लिए निरंतर अभियानों के साथ वक्त मिलने पर सेना के जवान ठंड में आराम नहीं, बल्कि अपने आप को फिट रखते हैं। जम्मू संभाग की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली 16 कोर के जवान दुर्गम, उच्च पर्वतीय क्षेत्राें में खुद को फिट रखने के लिए बर्फ के मैदान में खेल रहे हैं।

किश्तवाड़ के दुर्गम क्षेत्राें में जवान रात के समय कड़ी सतर्कता बरतने के साथ दिन को बर्फ में कबड्डी खेलते हैं। 15 हजार फुट की ऊंचाई पर पांच फुट बर्फ में जवानों के कबड्डी खेलने का वीडियो सेना की 16 कोर ने सोशल मीडिया ट्वीटर पर लोगों के साथ साझा किया है। इस वीडियो में सेना के जवान शून्य से नीचे के तापमान में स्वदेशी खेल कबड्डी में उत्साह दिखा रहे हैं। यह अपने आप को चुस्त-दुरुस्त रखने का एक अच्छा तरीका है। जम्मू-कश्मीर में बर्फीले मौसम में सेना की चुनौतियां और बड़ जाती हैं। सेना आतंकवाद की चुनौती के साथ मौसम की चुनौती के बीच लोगों की मदद करने के लिए भी आगे रहती है।

इस समय सेना बर्फ से लदे क्षेत्राें में लोगों की मुश्किलों को दूर करने के लिए उनके घरों के पास जाकर उनकी सुध लेने के साथ समय-समय पर मेडिकल कैंप आदि का भी आयोजन कर रही है। सेना की बटालियनें स्थानीय स्तर पर लोगों के लिए हाजिर है। जम्मू के पीआरओ डिफेंस ले.कर्नल देवेंद्र आनंद का कहना है कि सेना सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ आपदा प्रबंधन के लिए भी विशेष रूप से प्रशिक्षित है। ऐसे में जब भी बर्फीले क्षेत्राें में लोगों को कोई मुश्किल आती है, तो सेना के जवान बिना वक्त गवाए राहत अभियान चलाने के लिए तैयार रहते हैं।