तत्तापानी में मकर संक्रांति के दिन मनाए जाने वाला मेले इस बार भी सूना-सूना

उमेश भारद्वाज। मंडी

गर्म पानी के चश्मों के लिए प्रसिद्ध मंडी जिला की धर्म नगरी तत्तापानी शुक्रवार को मकर सक्रांति के पावन अवसर पर सूनी रही। उपमंडल करसोग के तत्तापानी में मकर संक्रांति को मनाए जाने वाले सदियों पुराने मेले को इस वर्ष भी कोरोना के बढ़ते हुए मामलों के कारण रोक लगा दी गई है। तत्तापानी में मकर संक्रांति पर बड़ी कम संख्या में लोग पहुंचे। गर्म पानी के चश्मों में पवित्र स्नान करके श्रद्धालु सीधे अपने घरों को वापस लौट गए। तत्तापानी में बेवजह किसी को रूकने की अनुमति नहीं है।

करसोग प्रशासन ने खरीददारी के लिए जुटने वाली अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए पहले ही सड़कों के किनारे व मेला ग्राउंड में सजाई गई दुकानों को हटा दिया था। मकर संक्रांति के दिन गर्म पानी के चश्मों के समीप लगे तुलादान के लिए पंडालों को भी पुलिस ने हटा दिया है। बता दें कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने प्रदेश में धार्मिक आयोजनों सहित मेलों पर बंदिशें लगाई हैं। जिसके बाद तत्तापानी में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मकर संक्रांति मेले को रद्द किया गया है।

ऐसे में प्रशासन में मेला ग्राउंड और सड़कों पर अस्थाई दुकानों को लगाने की अनुमति नहीं थी। मकर संक्रांति में लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए फ्लाइंग स्क्वायड का भी गठन किया गया है। फ्लाइंग स्क्वायड गर्म पानी के चश्मों सहित बाजार में लोगों की गतिविधियों पर नजर बनाए गई। वहीं आदेशानुसार गर्म पानी के चश्मों में स्नान करने के बाद लोगों को रुकने की अनुमति नहीं है। एसडीएम करसोग सन्नी शर्मा ने कहा कि मकर संक्रांति में लोगों की अनावश्यक भीड़ न जुटे, इसके लिए स्पेशल स्क्वायड लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है। उन्होंने कहा अगर आदेशों की अवहेलना करता है तो उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।