राजस्थान का कुंभकरण: साल में 300 दिन सोता है ये शख्स, जानें वजह

उज्जवल हिमाचल। डेस्क

राजस्थान के नागौर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जहां का एक शख्स साल में 300 दिन सोता है। इस शख्स को सोने के बाद उठाना मुश्किल हो जाता है। नींद में ही घर वाले उन्हें खाना खिलाते हैं। इतना ही नहीं शख्स को आसपास के लोग कुंभकरण कहते हैं। दरअसल, यह मामला नागौर जिले के भादवा गांव का है, यहां के रहने वाले 42 साल के पुरखाराम दुर्लभ बीमारी से ग्रसित हैं। इस बीमारी के चलते एक बार सो जाने के बाद पुरखाराम कई दिनों तक नहीं उठ पाते। परिवार वालों को जगाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है। पुरखाराम के परिवारवालों का कहना है कि वह एक बार सोने के बाद 20 से 25 दिन तक नहीं उठते हैं।

इसकी शुरुआत 23 साल पहले हुई थी। शुरुआती दौर में पुरखाराम 5 से 7 दिनों के लिए सोते थे लेकिन उन्हें उठाने में काफी मशक्कत करनी पड़ती थी। उन्हें डॉक्टर के पास ले जाया गया लेकिन बीमारी पकड़ में नहीं आई। धीरे-धीरे पुरखाराम के सोने का समय बढ़ता गया। अब तो पुरखाराम कई बार 25 दिनों तक सोते रहते हैं। चिकित्सक इसे दुर्लभ बीमारी बताते हैं। पुरखाराम की पत्नी लिछमी देवी का कहना है कि गांव में अपनी एक दुकान भी है, लेकिन वह ज्यादातर बंद रहती है। बूढ़ी मां ने बताया कि अभी तो खेतीबाड़ी से गुजारा हो रहा है, लेकिन एक पोते और 2 पोतियों की पढ़ाई और उनके भविष्य को लेकर परेशान हूं। जबकि पुरखाराम कहते हैं कि उन्हें दूसरी कोई दिक्कत नहीं है। बस नींद ही नींद आती है। वो खुद जागना चाहते हैं पर उनका शरीर उनका साथ नहीं देता है। 2015 से उनको यह बीमारी ज्यादा हो गई है। पहले करीब 18 -18 घंटे नींद आती थी। इसका समय बढ़ता गया. अब तो अक्सर ऐसा होता है कि 20-25 दिनों तक सोते ही रहते हैं।

रिपोट्र्स के मुताबिक, इस बीमारी का नाम हायपरसोम्निया है। यह बीमारी भी कई प्रकार की होती है। पुरखाराम अब एक्सिस हायपरसोम्निया के शिकार हो गए हैं। इसके चलते उन्हें लगातार कई -कई दिनों तक नींद आ रही है। एक्सपट्र्स का मानना है कि ऐसा नहीं है कि वो अब कभी ठीक नहीं होंगे, वो प्रॉपर ट्रीटमेंट के साथ ठीक हो सकते हैं।