खाई में लुढ़का टिप्पर, एक की मौत दो घायल

उमेश भारद्वाज। सुंदरनगर

मंडी जिला के सुंदरनगर उपमंडल के तहत नवालधार क्षेत्र में एक टिप्पर के गहरी खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल सुंदरनगर में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मृतक की पहचान नवालधार निवासी 45 वर्षीय हुकम चंद के रुप में हुई है, जबकि घायलों में नालनी निवासी 23 वर्षीय राजेंद्र कुमार और डोलधार निवासी 21 वर्षीय कर्मचंद शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरु कर दी है।

हादसे के बाद प्रशासन द्वारा मृतक के परिजनों को दस और घायलों को 5-5 हजार की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। हादसा रविवार सुबह उस समय हुआ, जब टिप्पर चालक राजेंद्र सिंह डोलधार से वापस आ रहा था। उसके साथ हुकम चंद और कर्मचंद भी थे। नवालधार के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और करीब पचास फीट गहरी खाई में गिर गया।

घटना का पता चलते स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सड़क तक पहुंचाया। इसी दौरान सूचना मिलते ही एंबुलेंस भी वहां पहुंच गई, लेकिन तब तक गंभीर रुप से घायल हुकम चंद दम तोड़ चुका था। हुकम चंद घर का इकलौता बेटा था। वह अपने पीछे बुढ़े माता-पिता, पत्नी और तीन बच्चे छोड़ गया है। डीएसपी गुरबचन सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरु कर दी गई है।