स्मृति वाटिका में देवदार का पौधा लगाकर किया वृक्षारोपण

उमेश भारद्वाज। सुंदरनगर
डॉ. राधाकृष्णन स्मृति वन बैरकोट में जिला मंडी कांग्रेस के बल्ह ब्लॉक में जिला व ब्लॉक स्तरीय पौधरोपण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन बल्ह कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि जिला मंडी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष प्रकाश चौधरी शामिल हुए। मुख्यातिथि द्वारा स्मृति वाटिका में देवदार का पौधा लगाकर वृक्षारोपण शुरू किया। इसके पश्चात मौके पर मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने भी पौधे लगाए। इसके पश्चात जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मंडी जिला के 10 ब्लॉक में पौधरोपण का कार्यक्रम कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित किया गया। उन्होंने सभी ब्लॉक के अपने कांग्रेस कार्यकताओं का इस पुनीत कार्य में सहभागिता के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि हम सब अब एकजुट हो कर आगे बढ़ेंगें और वर्तमान सरकार के खिलाफ मोर्चा तैयार करेंगें।
चौधरी ने कहा कि वर्तमान सरकार के विधायक इंद्र सिंह गांधी एक पत्रिका छपवा कर गांव-गांव में बांट रहे हैं। ये चीज उनके समझ से परे है कि यहां की जनता और पूर्व विधायक बेवकूफ है। उन्होंने कहा कि हमने जो काम किए वो तो छोड़िए लेकिन चौधरी पीरु राम ने जो काम करवाये थे उनको भी विधायक अपना गिनवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पत्रिका में दर्शाए गए  कार्यों का तिथि के हिसाब से ब्यौरा लिया जाएगा और फिर जिस मंच पर विधायक कहेंगे उस मंच पर उनसे चर्चा करूंंगा। प्रकाश चौधरी ने कहा कि हम काम करने वाले हैं और लोगों ने हमे तीन बार विधानसभा चुनावों में चुना भी गया है। जिसके लिए वे जनता के अभारी हैं।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि उपाध्यक्ष जगत पाल, हिमाचल युवा कांग्रेस के महासचिव रिंपल चौधरी, पंचायती राज संगठन बल्ह के अध्यक्ष तारा तुंगला, पार्षद नगर परिषद नेरचौक रजनीश सोनी, बल्ह इंटक अध्यक्ष भुपेंद्र, गगन इंदौरिया, बल्ह कांग्रेस महामंत्री महेंद्र गुप्ता, वनरक्षक विनोद कुमार, पवन गुप्ता, चिरंजी लाल, गंगा राम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।